गोरखपुर में पांच कोरोना संक्रमितों की हुई मौत, 158 नए पॉजिटिव मिले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गोरखपुर जिले में पहली बार सितंबर माह में पिछले 24 घंटे में 158 नए मरीज मिले हैं। हालांकि, पांच मरीजों की मौत हुई है। संक्रमितों में बीआरडी, विश्वविद्यालय के एक शिक्षक, एम्स समेत बाल सुधार गृह के कई कर्मी शामिल हैं। जिले में अब कुल संक्रमितों का आंकड़ा 13039 हो गया है। इनमें 9963 लोग ठीक हो चुके हैं। जबकि कुल 162 मरीजों की मौत हो चुकी है। कुल 2914 मरीजों का इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, बीआरडी मेडिकल कॉलेज में कई कर्मचारी संक्रमित मिले हैं। एम्स में लगातार छठवें दिन संक्रमित मिले हैं। बाल सुधार गृह में लगातार दूसरे दिन 15 और किशोर पॉजिटिव पाए गए हैं। रविवार को 20 किशोर संक्रमित मिल चुके हैं। इनके अलावा सेक्टर 15 स्थित एक कंपनी के पांच कर्मी, अंधियारी बाग स्टेट बैंक के तीन, रेलवे अस्पताल के कई कर्मी संक्रमित मिले हैं।
वहीं, हटवा में एक ही परिवार के दो, पीएचसी भटहट के दो कर्मी, एसएसपी कंपाउंड का एक कर्मी, बिछिया कॉलोनी में एक ही परिवार के दो, बरगदवा में एक ही परिवार के दो, पादरी बाजार में एक ही परिवार के दो, बशारतपुर में एक ही परिवार के तीन, जटेपुर में एक ही परिवार के दो लोग संक्रमित मिले हैं। सीएमओ डॉ. श्रीकांत तिवारी ने बताया कि संक्रमित के परिजनों की जांच कराई जाएगी।
शाहपुर थाना क्षेत्र में मिले सर्वाधिक 36 मरीज
शहर में 89 नए मरीज मिले हैं। इनमें सर्वाधिक 36 मरीज शाहपुर थाना क्षेत्र में मिले हैं। गोरखनाथ 15, कोतवाली नौ, कैंट 14, रामगढ़ताल, गुलहिरया में तीन-तीन, राजघाट छह, चिलुआताल दो और तिवारीपुर में एक मरीज मिले हैं। वही, ग्रामीण क्षेत्र में 51 नए मरीज मिले हैं। इनमें बांसगांव, बेलघाट, खजनी, उरुवा में एक-एक, ब्रह्मपुर, पाली, सरदारनगर में दो-दो, भटहट तीन, चरगांवा 11, खोराबार तीन, पिपपराइच छह, पिपरौली सात, सजहनवां चार और गगहा में सात मरीज मिले हैं। इनके अलावा 18 ऐसे मरीज हैं, जो अलग-अलग थाना क्षेत्रों के हैं।
मरने वालों में तीन गोरखपुर के थे, दो अन्य जिलों के निवासी
पिछले 24 घंटे में पांच कोरोना संक्रमितों की मौत हुई है। इनमें से तीन गोरखपुर जिले के रहने वाले थे। जबकि दो मरीज अन्य जिलों के रहने वाले थे। राजघाट थाना क्षेत्र के तुर्कमानपुर निवासी 80 साल के बुजुर्ग की मौत बीआरडी मेडिकल कॉलेज में सोमवार सुबह हुई। गोला थाना क्षेत्र के अलपुरवा निवासी 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत सोमवार सुबह हुई।
मोहद्दीपुर की रहने वाली 73 वर्षीय बुजुर्ग की मौत रेलवे अस्पताल में सोमवार को हुई है। देवरिया जिले के मईल गांव निवासी 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौत सोमवार सुबह हुई है। संतकबीरनगर के बखिरा निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत बीआरडी में सोमवार को हुई है।
विवि में मचा हड़कंप, लग सकता है कोविड जांच के लिए कैंप
विवि में लगातार दूसरे दिन एक और शिक्षक के पॉजिटिव होने के बाद से हड़कंप मच गया है। कुलसचिव डॉ. ओमप्रकाश ने सोमवार को चार विभागों को सैनिटाइज कराया है। उन्होंने बताया कि अगर कुलपति का निर्देश मिलता है तो शिक्षकों और कर्मियों की जांच के लिए जल्द ही कोविड जांच कैंप परिसर में लगवाया जाएगा।
बता दें कि विश्वविद्यालय में करीब 900 शिक्षक व कर्मचारी हैं। इनमें शिक्षकों की संख्या 250 के आसपास हैं। शिक्षकों के संक्रमित होने के बाद सभी विभागों के शिक्षक व कर्मचारी डरे हुए हैं। इससे पूर्व परीक्षा सेल के एक कर्मी की पत्नी संक्रमित हुई थीं।