कोरोना अलर्ट: गोरखपुर एम्स में तैयार किए जाएंगे 100 और बेड, सभी पर होगी ऑक्सीजन की व्यवस्था
गोरखपुर एम्स में अभी 300 बेड तैयार हैं, सभी पर ऑक्सीजन की व्यवस्था है। वहीं कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए सौ बेड बढ़ाए जाने के लिए संभावनाएं तलाशी जा रही हैं।
विस्तार
कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए एम्स में 400 सौ बेड पर कोरोना के मरीजों के इलाज की तैयारी की जा रही है। एम्स में ऑक्सीजन की सुविधा से युक्त 300 बेड हैं। 100 बेड कहां रखे जाएंगे, इसे लेकर मंथन चल रहा है। सीएमओ डॉ. आशुतोष कुमार दुबे ने एम्स की कार्यकारी निदेशक डॉ. सुरेखा किशोर से इस संबंध में बात की है।
कार्यकारी निदेशक डॉ. सुरेखा किशोर, उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शशांक शेखर ने बृहस्पतिवार को वार्ड का निरीक्षण व बैठक कर 100 बेड बढ़ाने पर चर्चा की। संभावना व्यक्त की गई कि 300 बेड अस्पताल में दो बेडों के बीच खाली जगह में भी एक बेड रखा जा सकता है क्योंकि दो बेड के बीच की दूरी ज्यादा है। इसके अलावा आयुष विंग में भी लगभग 35 बेड लगाए जा सकते हैं।
ऑक्सीजन प्वाइंट बनाना बड़ी चुनौती
एम्स प्रशासन का कहना है कि 300 बेड ऑक्सीजन युक्त हैं। यदि 100 बेड बढ़ाए जाएंगे तो उन पर इतनी जल्दी आक्सीजन की उपलब्धता नहीं हो पाएगी। ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट से ऑक्सीजन का उत्पादन हो रहा है। लेकिन, नए बढ़ाए जाने वाले बेडों पर ऑक्सीजन प्वाइंट बनाना और वहां तक पाइप लाइन ले जाने में समय लगेगा।
रेलवे अस्पताल व स्पोर्ट्स कालेज में भी बनेगा कोविड वार्ड
सीएमओ डा. आशुतोष कुमार दुबे ने बताया कि रेलवे अस्पताल में 200 बेड व स्पोर्ट्स कालेज में 150 बेड का कोविड वार्ड बनाने की तैयारी चल रही है। इसके अलावा हमारे पास 2652 बेड तैयार हैं। जरूरत पड़ने पर ग्रामीण क्षेत्र में भी निजी अस्पतालों में कोविड वार्ड बनाए जाएंगे। दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। किसी भी संक्रमित को दिक्कत नहीं हो पाएगी। बीआरडी मेडिकल कालेज में लेवल थ्री अस्पताल चल रहा है। गंभीर रोगियों को वहीं भर्ती किया जाएगा।