UP: गोरखपुर में नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में गरजे सीएम योगी, कांग्रेस-सपा को महिला विरोधी बताया
Gorakhpur News: गोरखपुर में नारी शक्ति वंदन सम्मेलन को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कांग्रेस, सपा, टीएमसी और डीएमके समेत विपक्षी दलों को घेरा। उन्होंने महिलाओं को नेतृत्व और आरक्षण का अधिकार न देने का आरोप लगाया। उनके इतिहास को महिला विरोधी बताया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक को पारित न होने देने वाली कांग्रेस और समाजवादी पार्टी सहित सभी विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ये दल महिलाओं को नेतृत्व का अधिकार नहीं देना चाहते हैं। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और सपा के इतिहास व उनके कारनामों को महिला विरोधी बताया। उन्होंने बुधवार शाम योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित नारी शक्ति वंदन सम्मेलन को संबोधित किया।
'नए संसद भवन में सबसे पहले हुआ अधिनियम नारी शक्ति वंदन पारित'
मुख्यमंत्री योगी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को महिलाओं का स्वतः अधिकार बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में नए संसद भवन में सबसे पहला अधिनियम नारी शक्ति वंदन का ही पारित कराया गया। प्रधानमंत्री मोदी 2029 के लोकसभा चुनाव से ही महिलाओं को कानून बनाने में भागीदारी का अधिकार देना चाहते हैं। लेकिन विधेयक के गिरने पर जश्न मनाने वाले महिला विरोधी विपक्ष को यह मंजूर नहीं है।
सीएम योगी ने विपक्षी दलों को घेरा
उन्होंने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, टीएमसी और डीएमके को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने महिलाओं, दलितों और वंचितों के अधिकार में हमेशा बाधा डाली। उन्होंने सपा को घोषित रूप से नारी विरोधी बताते हुए कहा, ‘देख सपाई, बिटिया घबराई।’ मुख्यमंत्री ने बताया कि 2017 के पहले सपा सरकार में बेटियों को स्कूल भेजना बंद हो गया था। अब बेटियां बिना रोक-टोक स्कूल जा रही हैं। उन्होंने कहा कि 2017 के बाद पुलिस में 44 से 45 हजार महिलाओं की भर्ती हुई है, जबकि पहले यह संख्या केवल 10 हजार थी। अब पुलिस भर्ती में 20 फीसदी महिलाओं की भर्ती अनिवार्य कर दी गई है।
'महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी जरूरी'
मुख्यमंत्री ने आत्मनिर्भर और विकसित भारत के लिए महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि पंचायतों और स्थानीय निकायों में महिलाओं को सुनिश्चित प्रतिनिधित्व मिला है। राज्य में 54 फीसदी ब्लॉक प्रमुख महिलाएं हैं। ग्राम पंचायतों और जिला पंचायतों में भी महिलाओं की भागीदारी 50 फीसदी तक पहुंच गई है। मुख्यमंत्री ने बताया कि 2017 के बाद नौ लाख से अधिक सरकारी नौकरियों में पौने दो लाख महिलाएं भर्ती हुई हैं। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों के पुनरुद्धार से तीन करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार मिला, जिसमें आधी भागीदारी महिलाओं की है। प्रदेश में 21 हजार से अधिक नवप्रवर्तन उद्यम शुरू हुए हैं, जिनमें महिलाओं की सक्रिय भूमिका है।
'इतिहास और परंपरा में मातृशक्ति सदैव प्रतिष्ठित'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत के इतिहास और परंपरा में मातृशक्ति सदैव प्रतिष्ठित रही है। उन्होंने भगवान राम को कौशल्यानंदन और प्रभु कृष्ण को यशोदानंदन कहे जाने का उदाहरण दिया। श्रीराम में श्री शब्द माता सीता के लिए है और सियावर रामचंद्र की जय का जयकारा भी पहले माता सीता का नाम जोड़कर लगाया जाता है। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण की धरा मथुरा-वृंदावन में हर संबोधन राधे-राधे से शुरू होता है। काशी में नमः पार्वती पतये का उद्घोष होता है और गंगा जी को मां गंगे कहा जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 के बाद प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नारी गरिमा को हर स्तर पर सम्मान देने का काम शुरू हुआ है। उन्होंने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ और मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना जैसी पहल का उल्लेख किया, जिससे 26 लाख बेटियां लाभान्वित हो रही हैं।
डबल इंजन सरकार की प्रतिबद्धता और जनभागीदारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भ्रूण हत्या रोकने के लिए मातृ वंदना और इंद्रधनुष योजना जैसे कार्यक्रम चलाए। प्रदेश में बाल विवाह और दहेज रोकने के लिए सामूहिक विवाह योजना चलाई गई। प्रधानमंत्री-मुख्यमंत्री आवास योजना, घरौनी, शौचालय, उज्ज्वला, प्रधानमंत्री स्वनिधि और आयुष्मान योजना में महिलाओं को सर्वाधिक भागीदारी मिली है। उन्होंने पश्चिम बंगाल में अपनी चुनावी रैली का संस्मरण साझा किया, जहां हजारों नारी शक्ति ने भाजपा का समर्थन किया। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि डबल इंजन की सरकार आधी आबादी के सशक्तिकरण, सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने महिला कल्याण और विकास पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया और आत्मनिर्भरता की राह पकड़ने वाली महिलाओं का उत्साह बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने नौनिहालों का अन्नप्राशन भी कराया और माताओं को बच्चों को खीर खिलाने के लिए प्रेरित किया।