गोरखपुर: सीएम योगी ने वर्चुअल तरीके से खाते में भेजी धनराशि, जिले के 5,38,775 श्रमिकों के खाते में पहुंचे एक-एक हजार रुपये
लखनऊ से मुख्यमंत्री योगी ने वर्चुअल तरीके से खाते में भेजी धनराशि, प्रेक्षागृह में 500 लाभार्थियों को विधायक महेंद्रपाल ने दिए स्वीकृत पत्र।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ से वर्चुअल कार्यक्रम के माध्यम से जिले के 5,38,775 श्रमिकों के खाते में एक-एक हजार रुपये की धनराशि भेजी है। श्रम विभाग की ओर से ई-श्रम में पंजीकृत श्रमिकों एवं निर्माण श्रमिकों को योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में पात्रों को स्वीकृति पत्र भी दिए गए।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश असंगठित कर्मकार सामाजिक सुरक्षा बोर्ड एवं उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की ओर से करीब 500 असंगठित कामगार मौजूद रहे। इस दौरान सभी के खाते में लखनऊ से भरण पोषण भत्ता एवं पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को आपदा राहत सहायता योजना के तहत 500-500 रुपये की दो किस्तों को एक साथ 1000-1000 रुपये के रूप में स्थानांतरित किए गए। विधायक महेंद्र पाल सिंह ने श्रमिकों को स्वीकृति पत्र प्रदान किया।
उप श्रमायुक्त अमित कुमार मिश्र ने बताया कि जिले में उत्तर प्रदेश असंगठित कर्मकार सामाजिक सुरक्षा बोर्ड के तहत ई-श्रम पोर्टल पर 15,46,449 और उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में 2.80 लाख कामगार पंजीकृत हैं। पहले चरण में ई-श्रम में पंजीकृत 4,71,863 और निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत 66,912 श्रमिकों के खाते में 538775000 धनराशि भेजी गई है। शेष कामगारों को दूसरे चरण में धनराशि दी जाएगी।
कार्यक्रम का संचालन श्रम विभाग के विकास कुमार श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश श्रम कल्याण परिषद के सदस्य राधे कृष्ण त्रिपाठी, बजरंग दूबे एवं भारतीय मजदूर संघ के राकेश, उप श्रमायुक्त अमित कुमार मिश्र, सहायक आयुक्त केके यादव, स्कंद कुमार, श्रम प्रवर्तन अधिकारी इंदु भूषण, राधेश्याम गुप्ता आदि मौजूद रहे।
बोले लाभार्थी
सितंबर में ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण कराया था, आज खाते में एक हजार रुपये आए गए हैं। सरकार की योजना अच्छी है।- हामिद अली, लाभार्थी
श्रमिकों के लिए सरकार सोच रही है, जिसका नतीजा है कि गरीबों के खाते में आज भरण-पोषण के लिए हजार रुपये आ गए हैं।- दिलीप कुमार, लाभार्थी
कोरोना के बाद आर्थिक परेशानी का सामना कर रही थी। मुख्यमंत्री ने खाते में एक हजार भेजा है। अगले महीने भी एक हजार मिलेगा।- जोखनी देवी, लाभार्थी
सरकार ने ई-श्रम के माध्यम से कई तरह की योजनाओं का लाभ दिया है। भरण-पोषण के लिए पैसा मिल गया। बीमा भी हो गया है।- रमावती देवी, लाभार्थी