जनता दर्शन: जमीन पर कब्जे की शिकायतों पर सीएम योगी सख्त, बोले- कमजोरों को उजाड़ने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के दौरान करीब 150 लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को जमीन पर अवैध कब्जा करने और कमजोर लोगों को उजाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जमीन पर अवैध कब्जे और कमजोर लोगों को उजाड़ने की शिकायतों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। रविवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान उन्होंने करीब 150 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनसमस्याओं का समाधान पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ कराया जाए। इसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री खुद लोगों के बीच पहुंचे। उन्होंने एक-एक कर फरियादियों की शिकायतें सुनीं और उनके प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी की जमीन पर अवैध कब्जा करने और कमजोर लोगों को परेशान कर उजाड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
जमीन से जुड़े पारिवारिक विवादों के मामलों में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आपसी संवाद के जरिए समाधान कराने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि ऐसे मामलों में न्यायपूर्ण तरीके से सभी पक्षों की हिस्सेदारी तय कराई जाए, ताकि विवाद का उचित निस्तारण हो सके।
इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे लोग
जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि इलाज के लिए सरकार की ओर से हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इलाज से संबंधित मेडिकल एस्टीमेट की प्रक्रिया जल्द पूरी कराकर शासन को भेजी जाए, जिससे जरूरतमंदों को समय पर आर्थिक सहायता मिल सके।
गोशाला में गोवंश को गुड़ खिलाकर की गोसेवा
गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की रविवार सुबह की दिनचर्या परंपरागत रही। उन्होंने सबसे पहले गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया। इसके बाद अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि स्थल पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए मुख्यमंत्री गोशाला पहुंचे। यहां उन्होंने कुछ समय बिताया और गोवंश को दुलारकर अपने हाथों से गुड़ खिलाया। इस दौरान एक गोवंश को गुड़ खिलाते हुए उन्होंने स्नेहपूर्वक पूछा, 'हो गया न, और खाएगा?'
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
