विजयादशमी पर सीएम योगी की अपील: उत्साह के साथ सुरक्षा और अनुशासन का रखें ध्यान, कुरीतियों के खिलाफ लें संकल्प
मुख्यमंत्री योगी ने लोगों से अपील की कि त्योहार को उत्साह और उमंग के साथ मनाएं, लेकिन सुरक्षा को लेकर लापरवाही न बरतें। उन्होंने कहा कि सभी आयोजन शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में होने चाहिए।
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्र और विजयादशमी के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए त्योहार शांति, सौहार्द और अनुशासन के साथ मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि विजयादशमी अधर्म, असत्य और अन्याय पर धर्म, सत्य और न्याय की विजय का प्रतीक है। त्योहार के उल्लास के बीच सुरक्षा और अनुशासन का पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विजयादशमी के मद्देनजर प्रदेशभर में सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। रामलीला के आयोजनों और रावण, कुंभकर्ण व मेघनाद के पुतला दहन कार्यक्रमों में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
#WATCH गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "कल विजयादशमी है, मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की विजय का उत्सव है। अधर्म, असत्य और अन्याय के प्रतीक रावण पर धर्म, सत्य और न्याय की विजय प्रभु श्रीराम के अभियान का हिस्सा है। विजयादशमी के लिए प्रदेश में हर जगह व्यापक तैयारियां की गई हैं। सुरक्षा की भी पुख्ता व्यवस्था है। हर जगह यातायात प्रबंधन की व्यवस्था है। विभिन्न जगहों पर रामलीलाओं के आयोजन हो रहे हैं...मेरी सभी से अपील है कि आयोजन उत्साहपूर्ण तरीके से होना चाहिए और उस माहौल में सुरक्षा की अनदेखी नहीं होनी चाहिए..."
विज्ञापन विज्ञापन— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 19, 2026
उत्सव के दौरान सुरक्षा की न करें अनदेखी
मुख्यमंत्री योगी ने लोगों से अपील की कि त्योहार को उत्साह और उमंग के साथ मनाएं, लेकिन सुरक्षा को लेकर लापरवाही न बरतें। उन्होंने कहा कि सभी आयोजन शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में होने चाहिए। इसके लिए नागरिकों को भी अनुशासन बनाए रखने और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की जरूरत है।
नशा और भ्रष्टाचार जैसी बुराइयों के खिलाफ लें संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि विजयादशमी का पर्व जीवन और समाज की बुराइयों को दूर करने का संदेश देता है। समाज में नशा, भ्रष्टाचार, अराजकता, असुरक्षा और आतंकवाद जैसी बुराइयों के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने समाज की एकता को कमजोर करने की कोशिश करने वाले विघटनकारी और अराजक तत्वों के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि विजयादशमी के अवसर पर सभी को सामाजिक बुराइयों को दूर करने और आपसी सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए।