Chhath puja 2021: गोरखपुर में छठ घाट निशुल्क, कोई रुपये मांगे तो करें शिकायत
छठ घाटों पर तैयारियों का काम नगर निगम ने समाप्त कर लिया है। पूजा व्यवस्था के साथ-साथ लाईटिंग एवं साफ-सफाई जोरों से चल रही है। शहर के जिन पार्कों में छठ पूजा होती है, वहां तालाब खोदकर पानी भरा जा रहा है।
विस्तार
गोरखपुर नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने कहा कि छठ घाट पूरी तरह से निशुल्क हैं। इसके लिए अगर कोई व्यक्ति रुपये मांगता है तो तत्काल नगर निगम के अधिकारियों से इसकी शिकायत करें। उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सोमवार को नगर आयुक्त ने तकिया घाट, हनुमानगढ़ी घाट, राजघाट, डोमिनगढ़, सूरजकुंड पोखरा, मानसरोवर एवं महानगर के विभिन्न धार्मिक स्थलों एवं घाटों का निरीक्षण किया। कहा कि शहर के सभी घाटों पर छठ पूजन की सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह से मुफ्त हैं, किसी तरह की दलाली या वसूली करने वालों पर कार्रवाई के लिए टीमें भी तैनात कर गईं हैं। अगर इस तरह की शिकायत मिलती है तो उस पर कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा के दृष्टिगत घाटों पर नगर निगम की टीमें मौजूद रहेंगी।
बताया कि छठ घाटों पर तैयारियों का काम नगर निगम ने समाप्त कर लिया है। पूजा व्यवस्था के साथ-साथ लाईटिंग एवं साफ-सफाई जोरों से चल रही है। शहर के जिन पार्कों में छठ पूजा होती है, वहां तालाब खोदकर पानी भरा जा रहा है। सफाईकर्मियों की तैनाती भी की गई है जिससे श्रद्धालुओं को कोई दिक्कत न हो। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता सुरेश चंद, सहायक नगर आयुक्त अविनाश प्रताप सिंह, अधिशासी अभियंता देवेंद्र कुमार, बृजेश तिवारी, राजकुमार, विवेकानंद, प्रवर्तन दल की टीम एंव अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
जहां मिल रहे डेंगू के केस, वहां नगर निगम का विशेष अभियान
नगर निगम की ओर से ट्रांसपोर्ट नगर व पांचों जोन में विशेष दस्तक एवं संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत डेंगू, मलेरिया व अन्य बीमारियों से बचाव के लिए टेमीफॉस एवं एंटीलार्वा छिड़काव के साथ वार्डों में सैनिटाईजेशन एवं फॉगिंग का कार्य कराया गया। नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने बताया कि जहां भी डेंगू के केस मिले रहे हैं, उन मोहल्लों में विशेष अभियान चलाकर छिड़काव कराया जा रहा है। ब्यूरो
खालेटोला में नाले से हटाया अतिक्रमण
प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल सीपी सिंह एवं प्रवर्तन दल की टीम व सहायक नगर आयुक्त मणि भूषण तिवारी के नेतृत्व में सोमवार को खालेटोला एंव खोराबार में जल निकासी की व्यवस्था कराई गई। साथ ही नालों के ऊपर से अतिक्रमण को हटाया गया तथा चेतावनी दी गई कि गंदगी एवं अतिक्रमण फैलाने पर जुर्माना वसूला जाएगा।