तीन मजदूरों की मौत का मामला: मकान मालिक व बिजली निगम के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज
कैंपियरगंज क्षेत्र में मकान निर्माण के दौरान करंट की चपेट में आने से तीन मजदूरों की मौत का मामला, मृत मजदूर कमलेश के पिता मोलहू की तहरीर पर दर्ज हुआ केस।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर जिले में निर्माणाधीन मकान के सामने एचटी लाइन की चपेट में आने से तीन मजदूरों की हुई मौत के मामले में मकान मालिक व बिजली निगम के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया। मृत एक मजदूर के पिता की तहरीर पर पुलिस ने कार्रवाई की।
गोरखपुर-सोनौली मार्ग के किनारे लोहरपुरवा गांव के हनुमान नगर टोले के पास बसंतपुर निवासी रामसूरत मकान का निर्माण करा रहे हैं। मंगलवार को यहां मजदूरी करने वाले हनुमान नगर टोला निवासी कमलेश चौरसिया, भगवानपुर टोला के जोखन व शाहपुर थाना क्षेत्र पंकज पासवान लोहे की ऊंची सीढ़ी को ट्रॉली समेत धक्का देकर ले जा रहे थे।
निर्माणाधीन मकान के पास गुजरे हाईटेंशन लाइन से सीढ़ी छू गई जिससे करंट की चपेट में आने से तीनों मजदूर झुलस गए थे। सभी को सीएचसी ले जाया गया, जहां कमलेश व पंकज को मृत घोषित कर दिया गया था। कुछ देर बाद मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान जोखन की भी मौत हो गई थी।
बुधवार को इस मामले को लेकर आंदोलन की रणनीति बनने लगी। इससे पहले ही पुलिस ने मृत मजदूरों के परिजनों से बात की और कमलेश के पिता मोलहू प्रसाद की तहरीर के आधार पर मकान मालिक रामसूरत और बिजली निगम (नाम व पता अज्ञात) के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया।
कमलेश और जोखन की मौत से गांव में मातम
करंट की चपेट में आने से तीन मजदूरों की मौत से लोग स्तब्ध है। लोहरपुरवा के हनुमान नगर और भगवानपुर टोले में मातम पसरा है। हादसे ने जहां एक परिवार के जवान बेटे को छीन लिया तो वहीं दूसरे परिवार में बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। अब दोनों परिवारों के सामने रोटी का संकट उत्पन्न हो गया है।
हनुमान नगर के कमलेश (28) मजदूरी कर परिवार का खर्च चलाते थे। हादसे में जहां मासूम बच्चे अनाथ हो गए वहीं बुजुर्ग पिता का भी सहारा छिन गया। पत्नी नीरजा बेसुध हैं। कमलेश के पुत्र आशुतोष (5) व आशू (3) के चेहरे की उदासी देखकर सांत्वना देने आए रिश्तेदार व पड़ोसी भी अपने आंसू नहीं रोक पा रहे थे। वहीं जोखन के परिवार में भी मातम छाया है। उनके तीन पुत्र धर्मेंद्र, मोहन व वंशीधर के अलावा पत्नी गुलजारी हैं। हादसे ने बच्चों के सिर से पिता का साया छिन लिया।
टेलीफोन आने पर घर से गए थे, आई मौत की सूचना
जोखन के बेटे वंशीधर ने बताया कि मंगलवार को उसके पिता काम पर नहीं जाना चाहते थे, लेकिन किसी का टेलीफोन आया और तुरंत घर से चल दिए। एक घंटे के बाद हादसे में उनकी मौत की सूचना आई।