रामगढ़ताल: गोरखपुर के मरीन ड्राइव तो जाएं मगर इन स्टंटबाज मनचलों-नशेड़ियों से कौन बचाए
21 जून 2023 को चंपा देवी पार्क के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़कर पोल को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके पहले भी इस तरह की कई घटनाएं यहां पर हो चुकी हैं। कई कार सवार अस्पताल तक पहुंचे तो कई का एयरबैग खुलने से सिर्फ कार क्षतिग्रस्त हुई।
विस्तार
गोरखपुर शहर में किसी से भी पूछिए कि यहां घूमने-फिरने और परिवार के साथ जाने के लिए कौन सी अच्छी जगह है। एक ही जवाब मिलेगा...अरे अपना मरीन ड्राइव यानी रामगढ़ताल का नया सवेरा। लेकिन, लफंगों ने अपनी हरकतों से यह जगह भी खराब कर दी है। शाम ढ़लते ही यहां नशेड़ियों और मनचलों की भीड़ जुटने लगती है।
एक तो ये स्टंटबाजी करते हैं और दूसरे परिवार के साथ जा रहे लोगों पर कब छींटाकशी कर देंगे, कोई नहीं जानता। कई घटनाएं हो चुकी हैं। लोगों को अब जान की ही नहीं मान सम्मान की भी चिंता हो रही है। यही वजह है कि शाम को लोगों ने जाना कम कर दिया है। जबकि, इस इलाकों में दो पुलिस चौकियां हैं। लेकिन, घटना होने पर ही पुलिस सक्रिय होती है, वरना मनचलों और लफंगे अपने मन की ही करते हैं।
2.4 किलोमीटर के इस इलाके में दोनों छोर पर एक-एक चौकी भी है, फिर भी शाम ढलने के साथ ही भीड़ के बीच आने वाले मनचलों और शराबियों को पकड़ने में दिलचस्पी नहीं है। यही वजह है कि कभी सुबह में ही प्री-वेडिंग शूट कराने मंगेतर के साथ आई युवती पर अश्लील टिप्पणी की गई तो कभी देर रात होमगार्ड ने युवती का हाथ पकड़कर छेड़खानी किया। वारदात होने पर केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों को जेल तो भेजा है, लेकिन इन घटनाओं को रोका कैसे जाए, इस पर अब भी ध्यान नहीं दिया गया है।
इसे भी पढ़ें: अपनी ही राशि में वक्री हुए शनि, जानिए राशियों पर क्या पड़ेगा असर
कारों से सिगरेट का धुआं और अंदर ही शराब पार्टी
बृहस्पतिवार की रात आठ बजे थे। पैडलेगंज से रामगढ़ताल की ओर मुड़ते ही मुख्यद्वार जगमग रोशनी से चकाचौंध था। चंद कदम आगे बढ़ने पर ही पुलिस चौकी थी। करीब सौ मीटर की दूरी पर बाएं तरफ दुकानें सजी थीं और खाने के शौकीन लोगों की भीड़ भी जमा थी। अब यहां से जैसे ही आगे बढ़े कि लाइन से चार पहिया वाहनें सड़क के किनारे खड़ी थी। अचानक एक कार आई और कार चालक ने शीशा नीचे किया और सिगरेट का धुआं उड़ता दिखने लगा।
कार में पार्टी (शराब पीने का दौर) चल रही थी। थोड़ी ही देर में तेज रफ्तार से दो-तीन बाइकों पर सवार लड़के गुजरे। सभी आपस में स्टंट कर रहे थे। बाइक इतनी बेतरतीब तरीके से चला रहे थे कि अगर सड़क पर खुद को बचाए न तो हादसे के शिकार हो जाएंगे। इसके आगे बढ़ने पर ताल की ओर लोगों को बैठने के लिए स्थान है, रेलिंग के उस पार खाली बीयर के केन पड़े थे। पास में दो लग्जरी गाड़ियों के पास सात-आठ युवक खड़े थे।
उनके खड़े होने के तरीके उनके तमीजदार न होने को बयां कर रहे थे। सर्किट हाउस से लेकर आगे तक दाएं लेन पर दुकानें लगी थीं। सभी के बाहर कार, बाइक पर नवयुवक खड़े नजर आए। आने-जाने वालों को वे बड़े ही बेहूदगी भरी नजरों से देख रहे थे। जो भी पैदल गुजर रहा था, उसे बहुत ही शर्मिंदगी हो रही थी। ऐसा नहीं है कि यहां पर पुलिस नहीं थी, पुलिस वालों के साथ महिला सिपाही भी थीं।
12 फरवरी को दो स्टंटबाज भेजे गए थे जेल
यहां आए दिन स्टंटबाजी होती है। तेज रफ्तार से वाहन चलाने से हादसे में कई हुए हैं। 12 फरवरी को पुलिस ने दो स्टंटबाज को जेल भी भेजा था। दोनों " मेरे दुश्मन सोच रहे थे, ना मैं लौट के वापस आऊंगा, जगह तेजी और वक्त तेरा और मैं खुलकर गदर मचाऊंगा" इस गाने को तेज आवाज में चलती जीप के बोनेट पर बैठे थे। स्टंट करने वालों को पुलिस ने दबोचा था।
इसे भी पढ़ें: भगवान विष्णु करेंगे आराम, चार महीने शादी-ब्याह को विराम
तोड़ दी रेलिंग, क्षतिग्रस्त हो गया पोल
21 जून 2023 को चंपा देवी पार्क के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़कर पोल को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके पहले भी इस तरह की कई घटनाएं यहां पर हो चुकी हैं। कई कार सवार अस्पताल तक पहुंचे तो कई का एयरबैग खुलने से सिर्फ कार क्षतिग्रस्त हुई। इनकी तेज रफ्तार से हादसे तो हो ही रहे हैं, साथ ही खूबसूरती में लगे पोल, रेलिंग भी टूटकर बर्बाद हो जाते हैं।
केस एक
15 जून 2023: खोराबार की रहने वाली युवती ने रामगढ़ताल थाना में छेड़खानी का केस दर्ज कराया। उसका आरोप है कि 15 जून की रात अपनी सहेली के साथ कार से नौकायन घूमने आई थी। दो कार में सवार 10 युवकों ने कमेंट शुरू कर दिया। चंपा देवी पार्क के सामने दोनों तरफ से कार को घेरकर अपनी गाड़ी खड़ी कर दी। विरोध करने पर अभद्रता करने के साथ ही जान से मारने की धमकी देने लगे।
केस दो
16 अप्रैल 2023: नौका विहार पर मंगेतर के साथ प्री-वेडिंग फोटो शूट कराने आई युवती से शोहदों ने छेड़खानी की थी। मना करने पर शोहदों ने जान से मारने की धमकी भी दी थी। युवती की तहरीर पर केस दर्ज कर पुलिस ने सेंदुली-बेंदुली कजाकपुर निवासी अमित श्रीवास्तव, उसके छोटे भाई अनूप श्रीवास्तव व भगत चौराहा के अमित दुबे को गिरफ्तार किया था।
इसे भी पढ़ें: कानपुर-लखनऊ में छापों के खौफ से सहमा हिंदी बाजार, जमीनों पर लगे पैसे पर आयकर टीम की नजर
केस तीन
15 मार्च 2023: नौका विहार में एक युवती से होमगार्ड ने नशे के हालत में छेड़खानी की थी। आरोप है कि युवती नौका विहार पर घूमने आई थी और इस दौरान होमगार्ड ने उसका हाथ पकड़ लिया था और जबरन सुनसान इलाके में ले जाने लगा था। युवती के शोर मचाने पर वहां पर मौजूद दुकानदारों ने होमगार्ड की पिटाई भी कर दी थी। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी होमगार्ड लहसड़ी के जयगोपाल को जेल भेजा था।
छेड़खानी के आरोपी दरोगा पुत्र ने हवालात में गुजारी रात
युवती ने पुलिस को बताया है कि आए दिन अतुल उसे परेशान करता है और समझाने पर भी नहीं मानता। बृहस्पतिवार को तारामंडल रोड पर अतुल ने उसको रोक लिया। हाथ पकड़कर जबरन गाड़ी में बैठाने की कोशिश की। युवती की तहरीर पर रामगढ़ताल पुलिस केस दर्ज कर कार्रवाई की है।