व्यापारी को गोली मारने का मामला: नामजद आरोपियों की भूमिका जांच रही पुलिस, जमीन विवाद हो सकता है कारण
कर्महा गांव निवासी राजेश गुप्ता की चंबल घाटी चौराहे पर सूर्यांश ज्वेलर्स नाम से दुकान है। शुक्रवार को वह दुकान में बैठे थे। इसी दौरान बाइक से आए दो बदमाशों ने उनके मुंह में पिस्टल डालकर गोली मार दी थी। गंभीर हालत में उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर जिले के गुलरिहा इलाके के जंगल डुमरी के चंबल चौराहे पर स्वर्ण आभूषणों के व्यापारी राजेश गुप्ता को गोली मारने के मामले में पुलिस अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है। पुलिस दर्ज केस के नामजद आरोपियों की भूमिका तो जांच ही रही है, साथ ही बदमाशों की तलाश में जुटी है। पुलिस की कोशिश है कि पहले गोली मारने वाले बदमाशों को पकड़ा जाए, ताकि घटना का पर्दाफाश हो सके और असल वजह सामने आए।
जानकारी के मुताबिक, लूट की कोशिश की बात अब तक पूरी तरह से साफ नहीं हो पाई है। जमीन विवाद का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने इस बिंदु पर भी काम शुरू कर दिया है। पट्टीदारों से पूछताछ कर पुलिस विवाद को समझाना चाहती है। इतना तो तय है कि नामजद आरोपियों में से किसी ने सीधे गोली नहीं मारी है। इनकी भूमिका गोली मरवाने में है या नहीं, इसी की गहराई से पुलिस जांच कर रही है।
एक महिला से विवाद का मामला भी सामने आया है, वह महिला कौन थी, इसकी तहकीकात पुलिस कर रही है। आसपास के लोग अभी इस महिला के बारे में कोई खास जानकारी नहीं दे पाए हैं।
इस वजह से लूट नहीं मान रही पुलिस
पुलिस को दुकान के काउंटर से ही 19 हजार रुपये, छह मंगलसूत्र मिले हैं, अगर नीयत लूट होती तो बदमाश गोली मारने के बाद इसे जरूर साथ ले जाते, लेकिन सारे सामान मिलने की वजह से पुलिस इसे लूट नहीं मान रही है। हां, कोशिश की गई या नहीं, इस बारे में व्यापारी के बोलने का इंतजार है। फिलहाल, व्यापारी के मुंह में घाव होने की वजह से वह बोल नहीं पा रहे हैं।
यह हुआ था
कर्महा गांव निवासी राजेश गुप्ता की चंबल घाटी चौराहे पर सूर्यांश ज्वेलर्स नाम से दुकान है। शुक्रवार को वह दुकान में बैठे थे। इसी दौरान बाइक से आए दो बदमाशों ने उनके मुंह में पिस्टल डालकर गोली मार दी थी। गंभीर हालत में उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पत्नी सुमन गुप्ता की तहरीर पर चार पट्टीदार गौरीशंकर गुप्ता, देवेंद्र गुप्ता, दीनानाथ और भरत गुप्ता पर हत्या की कोशिश की धारा में केस दर्ज किया है।
एसपी नार्थ मनोज अवस्थी ने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। चार अलग-अलग टीमें सभी बिंदुओं पर गहराई से जांच कर रही है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।