गोरखपुर महायोजना: आवास में संचालित हो सकेंगी व्यावसायिक गतिविधियां, अपने आवासों में बना सकेंगे दफ्तर और दुकान
तारामंडल रोड व आसपास के क्षेत्र समेत प्रमुख मार्गों पर निर्माण का हो सकेगा मिश्रित उपयोग, नई महायोजना में जीडीए ने किया प्रावधान, लोग अपने आवासों में बना सकेंगे दफ्तर और दुकान।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने नई महायोजना-2031 में महानगर के प्रमुख मार्गों पर मिश्रित उपयोग को बढ़ावा देने के लिए बाजार स्ट्रीट के रूप में प्रस्ताव तैयार किया है। इसका लाभ तारामंडल रोड और उसके आसपास की जीडीए की कॉलोनी में रहने वाली बड़ी आबादी समेत शहर के कई प्रमुख इलाकों के लोगों को होगा। लोग अपने आवास में व्यावसायिक गतिविधियां भी संचालित कर सकेंगे। इस योजना को मुख्यमंत्री की हरी झंडी मिल चुकी है। अब अमल की तैयारी है।
जानकारी के अनुसार, देवरिया बाईपास रोड के दोनों तरफ और तारामंडल क्षेत्र में स्थित जीडीए कॉलोनियों के तमाम घरों में दुकानें या कई तरह की व्यावसायिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं। इसी तरह शहर के तमाम आवासीय कॉलोनियों से होकर गुजरने वाले प्रमुख मार्गों पर घरों में दुकानें, गोदाम, कोचिंग सेंटर, जिम आदि खुले हैं। आवासीय भू-उपयोग में व्यावसायिक गतिविधियां संचालित नहीं की जा सकतीं, लिहाजा इन सभी पर लंबे समय से कार्रवाई की तलवार लटक रही थी।
समय-समय पर कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई भी हुई है। मगर जीडीए उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह ने सकारात्मक विकल्प चुनते हुए ऐसे प्रमुख मार्गों पर मिश्रित भू-उपयोग की योजना तैयार की है। महायोजना में इसे शामिल किया गया है। इसका मतलब है कि मकानों में रहने के साथ उसका व्यावसायिक इस्तेमाल किया जा सकेगा। इससे बड़ी संख्या में बेरोजगारों को रोजगार मिलने की उम्मीद है। महायोजना-2031 लागू होने के बाद प्राधिकरण इसकी फीस निर्धारित करेगा, जिसे जमा कर संबंधित क्षेत्र के लोग आवासीय के साथ व्यावसायिक गतिविधियों के लिए भी अनुमति प्राप्त कर सकेंगे।
मार्च-अप्रैल तक लागू हो जाएगी नई महायोजना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तरफ से रजामंदी मिलने के बाद जीडीए ने नई महायोजना-2031 को लागू करने की तैयारी तेज कर दी है। विधानसभा चुनाव के तत्काल बाद जीडीए बोर्ड की बैठक होगी। इसमें महायोजना पास कराने के बाद आपत्तियां एवं सुझाव मांगे जाएंगे। आपत्तियों के निस्तारण एवं सुझावों के अध्ययन के बाद जरूरी हुआ तो कुछ बदलाव किए जा सकते हैं। इसके बाद प्रस्ताव शासन को भेज दिया जाएगा। वहीं, से इसे लागू किया जाएगा। माना जा रहा है कि मार्च के आखिरी सप्ताह या अप्रैल के शुरूआती सप्ताह में नई महायोजना लागू हो जाएगी।
जीडीए प्रेम रंजन सिंह ने कहा कि महायोजना-2031 में महानगर के प्रमुख मार्गों पर मिश्रित उपयोग को बढ़ावा देने के लिए बाजार स्ट्रीट के रूप में प्रस्ताव दिया गया है। लखनऊ मार्ग एवं सोनौली मार्ग को जोड़ने वाले रिंग रोड पर औद्योगिक विकास के लिए करीब 700 हेक्टेयर भूमि का प्रस्ताव है। मिश्रित उपयोग से तारामंडल क्षेत्र समेत कई इलाकों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। लोग आवास में व्यावसायिक गतिविधियां संचालित कर सकेंगे।