ITI: राजकीय आईटीआई कॉलेजों में प्रवेश के लिए आवेदन शुरू, ऐसे करें आवेदन
मंडल के 24 राजकीय आईटीआई कॉलेजों में 8836 तो 254 प्राइवेट कॉलेजों की 29516 सीटों पर होगा प्रवेश, 31 जुलाई तक कर सकतें है आवेदन, 42 से अधिक ट्रेड का मिलता है प्रशिक्षण।
विस्तार
अगर आप आठवीं और दसवीं के बाद आर्मी, एयरफोर्स, पीडब्ल्यूडी समेत अन्य तकनीकी क्षेत्र में रोजगार हासिल करना चाहते हैं तो आपके पास आईटीआई में प्रवेश का मौका है। सत्र 2022-23 में प्रवेश के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुके हैं। रजिस्ट्रेशन की आखिरी तिथि 31 जुलाई निर्धारित की गई है। विद्यार्थियों को मेरिट के हिसाब से दाखिला मिलेगा। गोरखपुर मंडल के 24 राजकीय और 254 प्राइवेट आईटीआई की 38,372 सीटों पर प्रवेश होंगे।
अभ्यर्थी वेबसाइट www.scvtup.in पर जाकर आवेदन कर सकेंगे। आईटीआई जेडी राजेश राम ने बताया कि ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया चलेगी। आईटीआई में प्रवेश के लिए सामान्य और पिछड़ा वर्ग को 250 रुपये और एससी/एसटी अभ्यर्थियों को 150 रुपये शुल्क जमा करना होगा। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के बाद दसवीं की मेरिट के आधार पर ऑनलाइन मेरिट लिस्ट निकाली जाएगी। जिसके आधार पर छात्र प्रवेश ले सकेंगे। सीटों के सापेक्ष आवेदन आने के बाद एससीवीटी 10 दिन में मेरिट सूची जारी करेगा, जिसके आधार पर अभ्यर्थियों को प्रवेश मिलेगा।
आईटीआई में 42 तरह के कोर्स
आईटीआई में इस समय 42 तरह के कोर्स संचालित हैं। इसमें वायरमैन, वेल्डर स्विंग टेक्नोलॉजी, कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग, मशीनिस्ट, मशीनिस्ट ग्राइंडर, इलेक्ट्रीशियन, पावर डिस्ट्रीब्यूशन, टेक्नीशियन, ड्राफ्ट्समैन, मैकेनिकल, मेडिकल इलेक्ट्रॉनिक्स, रेडियोलॉजी, आदि कोर्स संचालित हैं।
आईटीआई के साथ-साथ दसवीं और बारहवीं पास करने का मौका
आईटीआई जेडी ने बताया कि कक्षा आठ और दसवीं के विद्यार्थी आईटीआई के मान्यता प्राप्त संस्थानों में संचालित दो वर्षीय पाठ्यक्रमों में प्रवेश ले सकते हैं। ये पाठ्यक्रम दसवीं और बारहवीं के समकक्ष हैं। इसके लिए उन्हें यूपी बोर्ड की ओर से आयोजित होने वाली परीक्षा में व्यक्तिगत परीक्षार्थी के रूप में शामिल होकर हिंदी का पेपर उत्तीर्ण करना होगा।