Gorakhpur News: गोरखपुर विश्वविद्यालय के दस हजार विद्यार्थियों को हुनरमंद बनाएगी एप्पल, रोजगार भी देगी
वीसी ने बताया कि एप्पल कंपनी विश्वविद्यालय में अपनी फैकेल्टी भेजेगी। विद्यार्थियों को निशुल्क ट्रेनिंग दी जाएगी। उन्हें रोजगार के लायक तैयार किया जाएगा। इसके बाद कंपनी प्रशिक्षुओं की परीक्षा लेगी और रोजगार देगी।
विस्तार
नैक का ए प्लस-प्लस ग्रेड मिलने के बाद गोरखपुर विश्वविद्यालय को एक बड़ी सौगात मिलने की उम्मीदें जगी है। दुनिया की नामी कंपनी एप्पल विश्वविद्यालय के दस हजार विद्यार्थियों को प्रशिक्षित कर रोजगार देगी। एप्पल के सीईओ और कुलपति के बीच वार्ता हो चुकी है। जल्द ही दोनों संस्थानों के बीच अनुबंध एलान किया जाएगा।
गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजेश सिंह ने बताया कि एप्पल कंपनी के सीईओ से सैद्धांतिक सहमति मिल चुकी है। उन्हें विश्वविद्यालय ने मेल से प्रस्ताव दिया है। बताया कि दोनों संस्थाओं के बीच वार्ता के लिए मोंटगोमरी कॉलेज, यूएसए के सीनियर वाइस प्रेसीडेंट एकेडमिक अफेयर्स संजय राय ने मध्यस्थता की है। संजय को गोरखपुर विश्वविद्यालय की ओर से अंतरराष्ट्रीय संबंधों के सलाहकार का पद स्वीकार करने का प्रस्ताव दिया गया है।
वीसी ने बताया कि एप्पल कंपनी विश्वविद्यालय में अपनी फैकेल्टी भेजेगी। विद्यार्थियों को निशुल्क ट्रेनिंग दी जाएगी। उन्हें रोजगार के लायक तैयार किया जाएगा। इसके बाद कंपनी प्रशिक्षुओं की परीक्षा लेगी और रोजगार देगी। इस अनुबंध से कैंपस चयन की संभावना बढ़ जाएगी। कुलपति ने कहा कि इस बार प्रवेश परीक्षा जून तक करा ली जाएगी, ताकि सत्र नियमित हो जाए।
पूर्वांचल में शिक्षा का केंद्र बनेगा विश्वविद्यालय: कुलपति
गोरखपुर विश्वविद्यालय अब पूर्वांचल में शिक्षा का केंद्र बनेगा। नैक का ए प्लस-प्लस ग्रेड मिलने के बाद इस दिशा में तेजी से काम होगा। नए स्टार्टअप शुरू होंगे, कैंपस चयन के लिए मल्टीनेशनल कंपनियों को बुलाया जाएगा।
कुलपति प्रो. राजेश सिंह ने बुधवार को पत्रकारों से कहा कि अब विदेश और देश के दूसरे राज्यों के विद्यार्थी भी पढ़ने के लिए आकर्षित होंगे। विवि में विदेशी छात्रों के लिए अलग से हॉस्टल है। अच्छे छात्र आएंगे तो पढ़ाई का माहौल तैयार होगा।
उन्होंने कहा कि विवि में अभी प्रवेश परीक्षा में एक सीट के लिए दस विद्यार्थी शामिल होते हैं। यह संख्या और बढ़ेगी। महाविद्यालयों में भी बेहतर संदेश गया है। कुलपति ने कहा कि ए प्लस प्लस ग्रेड मिलने के बाद केंद्र सरकार खेल संसाधन के 50 करोड़ और स्किल डेवलपमेंट और इंटरप्रानेरशिप के लिए 50 करोड़ रुपये देगी।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय अब राष्ट्रीय संस्थागत रैंकिंग फ्रेमवर्क ( एनआईआरएफ) की रैंकिंग के लिए आवेदन करेगा। 20 जनवरी तक आवेदन की अंतिम तिथि है। इससे पहले प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। विधि और एमबीए की ओर से आवेदन किया गया है।
शहर के कॉलेजों का कॉमन एंट्रेंस टेस्ट कराने की योजना
कुलपति ने कहा कि शहर के सभी अच्छे कॉलेजों का कॉमन एंट्रेंस टेस्ट कराने की योजना है, ताकि अच्छे विद्यार्थियों को मेरिट के आधार पर प्रवेश मिले। इस संबंध में जल्द ही कॉलेजों के प्राचार्य के साथ बैठक करेंगे। कॉलेजों को भी नैक का मूल्यांकन कराना अनिवार्य है। जो कॉलेज ऐसा नहीं करेंगे, उनके नए कोर्स को स्वीकृति नहीं दी जाएगी।
कल कुलाधिपति से मिलेगी विवि की टीम
नैक मूल्यांकन के कार्य में जुटी टीम और अधिकारी कुलपति के नेतृत्व में शुक्रवार को कुलाधिपति से मिलने लखनऊ जाएंगे। कुलपति के अनुरोध पर राजभवन से स्वीकृति मिल गई है। टीम में करीब 34 सदस्य हैं। कुलपति ने बताया कि मुख्यमंत्री ने फोन करके बधाई दी है। टीम के सदस्य मुख्यमंत्री के गोरखपुर आगमन पर उनसे मुलाकात करेंगे। दीक्षांत के सवाल पर कहा कि फरवरी में दीक्षांत समारोह आयोजित होगा। कुलाधिपति से तिथि मिलने के बाद तैयारी शुरू कर दी जाएगी।
शिक्षक-छात्रों ने कुलपति को दी बधाई
गोरखपुर विश्वविद्यालय के अंग्रेजी और बीए-एलएलबी के शिक्षकों एवं छात्रों ने विभागाध्यक्ष प्रो. अजय कुमार शुक्ला की अगुवाई में कुलपति प्रो. राजेश सिंह से मिलकर ए प्लस प्लस ग्रेड मिलने पर बधाई दी। कुलपति ने विश्वविद्यालय में और बेहतर अकादमिक माहौल पैदा करने एवं शोध की गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए शिक्षकों को प्रेरित किया।