बीआरडी मेडिकल कॉलेज में कोरोना पॉजिटिव अधिवक्ता और महिला की हुई मौत, सिद्धार्थनगर के थे दोनों संक्रमित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के बीआरडी मेडिकल कॉलेज के कोरोना वार्ड में भर्ती सिद्धार्थनगर के एक अधिवक्ता और एक महिला की मौत हो गई। अधिवक्ता शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज में भर्ती हुए थे। उनकी मौत रविवार की देर रात हुई है। जबकि महिला शनिवार को भर्ती हुई थी और सोमवार को मौत हुई है। मौत के बाद कोविड-19 प्रोटोकॉल के तहत शव पुलिस की मौजूदगी में परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक सिद्धार्थनगर के डुमरियागंज वार्ड नंबर 11 निवासी 60 वर्षीय अधिवक्ता की तबीयत बृहस्पतिवार को खराब हुई। परिजन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए ले गए। जहां आराम न मिलने पर उसी दिन एक नर्सिंग होम के डॉक्टर से भी परामर्श लिया। वहां से भी आराम नहीं मिला तो शुक्रवार को वह बीआरडी मेडिकल कॉलेज लेकर आ गए।
सांस लेने में तकलीफ होने की वजह से उनके कोरोना संक्रमण की जांच भी कराई गई। रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। इस बीच इलाज के दौरान ही रविवार की देर रात उनकी मौत हो गई। वहीं, सिद्धार्थनगर के उसका थाना क्षेत्र के महनी गांव की 40 वर्षीय महिला शनिवार को मेडिकल कॉलेज में भर्ती हुई थी।
महिला की कोई ट्रैवेल हिस्ट्री नहीं है। उसके गांव में बाहर से कई लोग आए थे। इसके बाद से वह बीमार हो गई थी। परिजन इलाज के लिए उसका पीएचसी ले गए। जहां से उसे रेफर कर दिया गया था। इसके बाद वह महराजगंज जिले के बृजमनगंज कस्बे के एक निजी अस्पताल में भी इलाज के लिए गई।
वहां तबीयत में सुधार नहीं हुआ तो परिजन बीआरडी लेकर आए। जहां पर जांच में कोरोना निकला। सोमवार की सुबह महिला की मौत हो गई। प्राचार्य डॉ. गणेश कुमार ने बताया कि शव को कोविड-19 प्रोटोकाल के तहत पुलिस की मौजूदगी में परिजनों को सौंप दिया गया है।