खुल गई अभ्युदय कोचिंग की लाइब्रेरी: ऑफलाइन पढ़ाई है बंद, ऑनलाइन ही उपलब्ध कराई जा रही पाठ्यसामग्री
जिले में मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग के तहत 400 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। इन विद्यार्थियों का लाइब्रेरी कार्ड इस सप्ताह से बनने लगेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग की लाइब्रेरी (राजकीय जिला पुस्तकालय) खुल गई है। विद्यार्थियों ने यहां पढ़ाई भी शुरू कर दी है। इसके अलावा, अभ्युदय कोचिंग के तहत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को पाठ्यसामग्री ऑनलाइन ही उपलब्ध कराई जा रही है। ऑफलाइन कक्षाएं चलने में अभी वक्त लगेगा। शासन से कोई दिशा-निर्देश नहीं आया है।
जिले में मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग के तहत 400 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। इन विद्यार्थियों का लाइब्रेरी कार्ड इस सप्ताह से बनने लगेंगे। वातानुकूलित वाचनालय में एक साथ सौ विद्यार्थी पढ़ाई कर सकते हैं। राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज के बगल में जिला पुस्तकालय का वाचनालय मंगलवार से खुलने लगा है। पुस्तकालय अध्यक्ष गौरव जायसवाल ने बताया कि सुबह 10 बजे से विद्यार्थी यहां आकर पढ़ाई कर सकते हैं। अभी 30 से 40 विद्यार्थी आ रहे हैं।
मुख्य विकास अधिकारी इंद्रजीत सिंह ने कहा कि सीएम अभ्युदय योजना में पंजीकृत विद्यार्थियों का ऑफलाइन कक्षाओं को चलाने के लिए अभी शासन से कोई दिशा-निर्देश नहीं मिला है। ऑनलाइन कक्षाएं चल रही हैं। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को ई-कंटेंट भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
स्टैंड पर रखी हैं पत्रिकाएं
पुस्तकालय में प्रवेश करते ही सामने स्टैंड पर पत्रिकाएं रखी गई हैं। पत्रिकाएं राजनीतिक और प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित हैं। पत्रिकाएं हिंदी और अंग्रेजी दोनों ही माध्यम के विद्यार्थियों के लिए उपयोगी हो सकती हैं।
200 और प्रतियोगी पुस्तकें मंगाई गईं
पुस्तकालय अध्यक्ष गौरव जायसवाल ने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए 124 नई पुस्तकें पहले ही आ गई थीं। अब 200 और पुस्तकें आई हैं। इसमें यूपीएससी से संबंधित सभी विषयों की पुस्तकें हैं। इस सप्ताह कार्ड बनने लगेगा, जिसके बाद छात्र पुस्तकें घर ले जा सकेंगे। अभी उनके लिए पढ़ने की व्यवस्था शुरू की जाएगी।
कार्ड बनवाने के लिए इन्हें साथ लाएं
- पासपोर्ट साइज की एक फोटो
- टिकट साइज की दो फोटो
- आधार कार्ड की छाया प्रति
- पांच सौ रुपये धरोहर राशि
यह भी जानें
- कोई भी व्यक्ति सदस्य बन सकता है
- 15 दिन के लिए मिलेंगी दो पुस्तकें
- जमा न करने पर रोजाना दो रुपये विलंब शुल्क
- वाचनालय में पढ़ने के लिए दो घंटे समय