{"_id":"6a52a734972b1215d90e8c9f","slug":"a-trader-from-pipraich-was-taken-away-by-the-ambedkar-nagar-sog-the-gorakhpur-police-swung-into-action-upon-receiving-information-about-the-abduction-gorakhpur-news-c-7-gkp1038-1382817-2026-07-12","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"UP: व्यवसायी को ले जाने पर भिड़ीं गोरखपुर-अंबेडकरनगर की एसओजी टीमें, हाथापायी की बनी नौबत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
UP: व्यवसायी को ले जाने पर भिड़ीं गोरखपुर-अंबेडकरनगर की एसओजी टीमें, हाथापायी की बनी नौबत
Sun, 12 Jul 2026 01:57 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो
अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर
अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर
Published by: गोरखपुर ब्यूरो
Updated Sun, 12 Jul 2026 01:57 AM IST
सार
सूचना मिलते ही गोरखपुर पुलिस सक्रिय हो गई। सूत्रों के मुताबिक, गोरखपुर की एसओजी टीम कॉल डिटेल और लोकेशन के आधार पर शुक्रवार रात करीब एक बजे निजी वाहन से अकबरपुर के पटेलनगर पहुंची थी। वहां अंबेडकरनगर एसओजी टीम के साथ मौजूद व्यवसायी को गोरखपुर टीम अपने साथ ले जाने का प्रयास करने लगी।
विज्ञापन
सांकेतिक
- फोटो : सांकेतिक
विस्तार
पिपराइच थाना क्षेत्र के चकिया निवासी व्यवसायी को ले जाने को लेकर शुक्रवार देर रात अंबेडकरनगर और गोरखपुर की एसओजी टीमें आमने-सामने आ गईं। अकबरपुर के पटेलनगर तिराहे पर दोनों टीमों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि हाथापायी की स्थिति बन गई।
विज्ञापन
मामले को बढ़ता देख दोनों जिलों के कप्तानों ने हस्तक्षेप किया। इसके बाद मामला शांत हुआ। इसके बाद गोरखपुर एसओजी की टीम व्यवसायी को लेकर शहर पहुंची और परिजन को सौंप दिया। जानकारी के अनुसार, चकिया निवासी व्यवसायी श्रवण कुमार को बृहस्पतिवार देर रात अंबेडकरनगर की एसओजी टीम अपने साथ ले गई थी।
विज्ञापन
बताया जा रहा है कि टीम व्यवसायी को एक मामले में पूछताछ के लिए ले गई थी। इस दौरान स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी नहीं होने पर व्यवसायी की पत्नी ने पिपराइच थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण की सूचना दे दी। सूचना मिलते ही गोरखपुर पुलिस सक्रिय हो गई।
विज्ञापन
सूत्रों के मुताबिक, गोरखपुर की एसओजी टीम कॉल डिटेल और लोकेशन के आधार पर शुक्रवार रात करीब एक बजे निजी वाहन से अकबरपुर के पटेलनगर पहुंची थी। वहां अंबेडकरनगर एसओजी टीम के साथ मौजूद व्यवसायी को गोरखपुर टीम अपने साथ ले जाने का प्रयास करने लगी।
इसको लेकर दोनों टीमों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ा और हाथापाई की नौबत आ गई। मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना अधिकारियों को दी, जिसके बाद एक सीओ ने पहुंचकर दोनों टीमों को शांत कराया।
सूत्रों का कहना है कि घटना के बाद मामले को स्थानीय स्तर पर दबाने का प्रयास किया गया लेकिन इसकी जानकारी गोरखपुर के उच्चाधिकारियों तक पहुंच गई। इसके बाद एसएसपी गोरखपुर डॉ. कौस्तुभ ने अंबेडकरनगर की एसपी प्राची सिंह से बातचीत की और संबंधित टीम को फटकार लगाई गई।
इसके बाद दोनों जिलों के पुलिस कप्तानों ने आपस में बातचीत कर स्थिति स्पष्ट की। बताया जा रहा है कि अंबेडकरनगर के राजे सुल्तानपुर क्षेत्र में दर्ज ठगी के एक मामले में व्यवसायी से पूछताछ की जा रही थी। मामले में उसकी भूमिका की जांच की जा रही है।
लोगों को विदेश भेजने का काम करते हैं व्यवसायी
ग्रामीणों के मुताबिक, श्रवण कुमार लोगों को विदेश भेजने का काम करते हैं। वह मूलरूप से कुशीनगर के रहने वाले हैं और वर्तमान में चकिया स्थित अपने ससुराल में रह रहे हैं। घटना के बाद वह परिवार के साथ ससुराल में ताला बंद कर अपने घर चले गए हैं। ग्राम प्रधान ने बताया कि श्रवण कुमार को घर छोड़ने पिपराइच थाने में तैनात कांस्टेबल अजय मिश्रा गए थे। घटना के बाद से परिजन में दहशत का माहौल है।
व्यवसायी के अपहरण की सूचना पर पुलिस टीम अंबेडकरनगर पहुंची थी। टीम सादे कपड़ों में थी, जिस कारण कुछ गलतफहमी हो गई थी। बाद में स्थिति स्पष्ट होने के बाद व्यवसायी को लेकर टीम शहर आ गई: ज्ञानेंद्र कुमार, एसपी नाॅर्थ