योगी सरकार का तोहफा: BRD में बनेगा 508 लोगों की क्षमता का रोगी सहायक आवास, ठहर सकेंगे मरीजों के तीमारदार
बीआरडी मेडिकल कॉलेज में रोगी सहायक आवास भवन, स्टिल्ट एरिया प्लस पांच मंजिला भवन के रूप में होगा। 5600 वर्गमीटर क्षेत्रफल में इस बिल्डिंग का निर्माण आरएमआरसी-आईसीएमआर के पीछे कराया जाएगा। इसके निर्माण पर 43.69 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
विस्तार
मरीजों के लिए चिकित्सा सेवा की सुदृढ़ता के बीच योगी सरकार ने उनके तीमारदारों (अटेंडेंट या केयरटेकर) के लिए भी अत्याधुनिक सुविधा उपलब्ध कराने की पहल की है। तीमारदारों के लिए अभी रैन बसेरों की सुविधा तो है ही, आने वाले समय में उन्हें अटैच्ड टॉयलेट-बाथरूम वाले कैंटीनयुक्त आवास में ठहरने की व्यवस्था हो जाएगी।
इसके लिए बाबा राघव दास (बीआरडी) मेडिकल कॉलेज में 508 बेड की क्षमता का रोगी सहायक आवास बनाया जाएगा। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस बहुमंजिला भवन पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी बिहार और नेपाल से आने वाले मरीजों के परिजनों के लिए बेहद मददगार साबित होगा।
बीआरडी मेडिकल कॉलेज में रोगी सहायक आवास भवन, स्टिल्ट एरिया प्लस पांच मंजिला भवन के रूप में होगा। 5600 वर्गमीटर क्षेत्रफल में इस बिल्डिंग का निर्माण आरएमआरसी-आईसीएमआर के पीछे कराया जाएगा।
इसके निर्माण पर 43.69 करोड़ रुपये की लागत आएगी। चिकित्सा शिक्षा विभाग ने कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश जल निगम शहरी की कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज (सीएंडडीएस) यूनिट 19 को पहली किश्त के रूप में 5 करोड़ रुपये अवमुक्त कर दिए हैं।
रोगी सहायक आवास के सभी रूम में अटैच्ड टॉयलेट-बाथरूम की सुविधा होगी। इस भवन में सीढियों के साथ 20 लोगों की क्षमता के लिफ्ट और सुरक्षा निगरानी के लिए सीसीटीवी सिस्टम भी लगाए जाएंगे।
अटैच्ड टॉयलेट और अन्य जरूरी सुविधाओं वाले 508 बेड के रोगी सहायक भवन बन जाने से अब तीमारदार न केवल सुरक्षित महसूस करेंगे, बल्कि सुविधाजनक एवं सम्मानजनक वातावरण में रहकर अपने मरीजों की देखभाल कर सकेंगे।