केबीसी 18: सारा अली खान और बिग बी के बीच हुई शेरों शायरी की जुगलबंदी, आयुष्मान ने गुनगुनाया 'कभी कभी...' गाना
Kaun Banega Crorepati 18: क्विज रियलिटी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' में सारा अली खान और आयुष्मान खुराना पहुंचे। इस दौरान दोनों सितारों ने बिग बी से कई दिलचस्प बातचीत भी साझा कीं।
विस्तार
आयुष्मान खुराना और सारा अली खान जल्द ही फिल्म 'उड़ता तीर' में नजर आएंगे। दोनों सितारे इस स्पाई कॉमेडी फिल्म का प्रमोशन करने अमिताभ बच्चन के क्विज शो 'कौन बनेगा करोड़पति 18' में पहुंचे। इस दौरान अमिताभ बच्चन ने आयुष्मान की खूब तारीफ की। वहीं, सारा अली खान और बिग बी के बीच शेरों शायरी की जुगलबंदी देखने को मिली।
अमिताभ बच्चन ने आयुष्मान की तारीफ में क्या कहा?
बिग बी ने फिल्म 'गुलाबो सिताबो' में आयुष्मान खुराना के साथ काम करने का किस्सा शेयर किया। आयुष्मान की तारीफ में अमिताभ बच्चन ने कहा, 'हमने इनके साथ एक फिल्म की थी 'गुलाबो सिताबो'। बहुत ही तैयारी करके ये आते थे। हमको लाइन याद करने में तकलीफ होती थी। एक तो हमें बूढ़ा बना दिया। डायरेक्टर ने कहा कि पूरी पिक्चर में आपको झुककर चलना है तो वैसे ही हम अपनी लाइन भूल रहे थे। मगर, इनमें इतना धैर्य था कि 'चलो यार बुढ़ऊ है, थोड़ा समय दे देते हैं। इनकी तरफ से कहीं भी गलती नहीं देखिएगा, इतना सुंदर अभिनय था इनका'।
बिग बी से अपने लिए तारीफ के ये शब्द सुनकर आयुष्मान खुराना मुस्कुराने लगे और शुक्रिया की मुद्रा में हाथ जोड़ने लगे।
शो में सजी शेर-शायरी की महफिल
इसके बाद आयुष्मान खुराना ने अमिताभ बच्चन और सारा अली खान के बीच शेरों-शायरी की महफिल सजवाई। दरअसल, एक्टर ने अमिताभ बच्चन से कहा, 'आपकी लेगेसी है, जहां से आप आए हैं। आप हरिवांश राय बच्चन जी के सुपुत्र हैं। महान कवि थे वे। आप खुद भी कविता और शायरी में रुचि रखते हैं। उम्दा कलाकार हैं'।
आयुष्मान ने फिर सारा की तरफ इशारा करते हुए कहा कि इनकी भी कविता-शायरी में काफी दिलचस्पी है। हम चाहते हैं कि वे आपके लिए कुछ शेर-शायरी करें और कुछ जुगलबंदी जैसा सीन क्रिएट हो। इसके बाद दोनों के बीच शायरी देखने को मिली।
अमिताभ बच्चन ने पहली लाइन बोली, 'आपके आने से मेरे चेहरे पर आती है रौनक'।
अगली लाइन सारा बढ़ाते हुए कहती हैं, 'और आपके सवाल सुनकर दिल में होती है धक धक, धक धक'।
फिर बिग बी ने कहा, 'टूटते हैं तारे बिखरते हैं फूल'
सारा ने लाइन इस तरह बढ़ाई, 'मगर, एवरग्रीन मिस्टर बच्चन इज द मोस्ट मोस्ट कूल' सारा का अंदाज देखकर बिग बी हैरान रह गए और बोले, 'मैं हार गया हूं'।
आयुष्मान की गायिकी ने बिग बी को किया मंत्रमुग्ध
आयुष्मान खुराना अभिनय के अलावा गायकी का हुनर भी रखते हैं। 'केबीसी 18' में जाकर भी आयुष्मान खुराना ने गाना भी गाया। उन्होंने अमिताभ बच्चन की 'कभी कभी' फिल्म का आइकॉनिक गाना 'कभी कभी मेरे दिल में ख्याल आता है...' गाया। आयुष्मान का गाना सुनकर बिग बी मंत्रमुग्ध हो गए। उन्होंने कहा, 'बहुत बहुत धन्यवाद आयुष्मान'।