JSK Movie Row: ‘जानकी’ नाम को लेकर सेंसर बोर्ड के फैसले से केरल हाईकोर्ट नाराज, फिल्म के रिलीज पर संकट
Janaki v State of Kerala Movie: फिल्म जानकी बनाम स्टेट ऑफ केरल को लेकर अब विवाद बढ़ता ही जा रहा है। फिल्म की रिलीज से पहले नाम पर सेंसर बोर्ड ने आपत्ति जताई जिसके बाद अब केरल हाईकोर्ट ने इस पर टिप्पणी की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
केंद्रीय पेट्रोलियम राज्य मंत्री सुरेश गोपी की आने वाली मलयालम फिल्म 'जानकी बनाम स्टेट ऑफ केरल' इन दिनों विवादों में घिरी हुई है। फिल्म को रिलीज के लिए तैयार कर लिया गया था, लेकिन अब उसका रास्ता सेंसर बोर्ड की आपत्ति के कारण रुक गया है। फिल्म के टाइटल और मुख्य किरदार ‘जानकी’ के नाम को लेकर उठाए गए सवालों पर केरल हाईकोर्ट ने कड़ी नाराजगी जताई है।
केरल हाईकोर्ट ने उठाया सवाल
फिल्म की कहानी एक ऐसी महिला पर आधारित है, जो यौन शोषण का शिकार होने के बाद न्याय के लिए राज्य सरकार के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ती है। ये किरदार समाज की आवाज बनने की कोशिश करता है और व्यवस्था से सीधे टकराता है। लेकिन फिल्म को प्रमाणपत्र देने से पहले CBFC ने ‘जानकी’ नाम को लेकर आपत्ति जताई, जिससे विवाद और गहराता गया।
ये खबर भी पढ़ें: Panchayat 4: मेकर्स को क्यों हटाना पड़ा 'सचिव जी' और 'रिंकी' का किसिंग सीन, अभिनेत्री ने किया खुलासा
मामला तब और तूल पकड़ गया जब फिल्म की निर्माता कंपनी कॉसमॉस एंटरटेनमेंट ने इस मुद्दे पर हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। अदालत में सुनवाई के दौरान जब CBFC की ओर से कहा गया कि 'जानकी' नाम देवी सीता से जुड़ा है और इससे धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं, तो न्यायमूर्ति एन नागरेश ने साफ शब्दों में आपत्ति जताते हुए कहा कि ये तर्क बिल्कुल असंगत है।
कोर्ट ने जताई नाराजगी
कोर्ट ने टिप्पणी की कि अगर किसी अपराधी को धार्मिक नाम दिया गया होता, तो आपत्ति समझ में आती। लेकिन जब एक महिला न्याय के लिए संघर्ष कर रही है, तो उसके नाम पर आपत्ति क्यों? कोर्ट ने यहां तक कहा कि क्या अब सेंसर बोर्ड कलाकारों और निर्देशकों को ये भी बताएगा कि वे किस नाम का इस्तेमाल करें और क्या कहानियां दिखाएं?
फिल्म के प्रोडक्शन हाउस का बयान
प्रोडक्शन हाउस की ओर से कहा गया कि उन्होंने 12 जून को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए प्रमाणपत्र के लिए आवेदन किया था, लेकिन अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। जबकि फिल्म का टीज़र पहले ही सेंसर बोर्ड द्वारा बिना आपत्ति के पास किया गया था। प्रोड्यूसर का यह भी दावा है कि प्रमाणपत्र में देरी संविधान के अनुच्छेद 19(1)(ए) और 19(1)(जी) का उल्लंघन है, जो अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और व्यवसाय के मौलिक अधिकारों की गारंटी देता है।
फिल्म की स्टारकास्ट
फिल्म ‘JSK: जानकी बनाम स्टेट ऑफ केरल’ में केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म में उनके साथ अनुपमा परमेश्वरन ने भी प्रमुख किरदार निभाया है। इस फिल्म का निर्देशन प्रवीन नारायणन ने किया है और निर्माण कॉसमॉस एंटरटेनमेंट के बैनर तले हुआ है। बता दें पहले फिल्म को 27 जून को रिलीज होना था।