Himansh Kohli: 'यारियां' के अभिनेता हिमांश कोहली ने की शादी, दिल्ली के मंदिर में लिए सात फेरे
यारियां से मशहूर हुए अभिनेता हिमांश कोहली ने बेहद सादगी भरे अंदाज में शादी कर ली है। हालांकि, अब तक उनकी पत्नी के नाम का खुलासा नहीं हो सका है।
विस्तार
यारियां फेम अभिनेता हिमांश कोहली ने शादी कर ली है। अभिनेता ने दिल्ली के एक मंदिर में एक निजी समारोह में सात फेरे लिए। हालांकि उन्होंने अब तक अपनी पत्नी के बारे में ज्यादा कुछ नहीं बताया है, लेकिन शादी की तस्वीरों में अब उनकी पत्नी का चेहरा नजर आ रहा है। समारोह की शुरुआत मेहंदी के कार्यक्रम से हुई थी, जिसकी कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।
कहा जा रहा है कि उनकी पत्नी का बॉलीवुड से कोई ताल्लुक नहीं है और दोनों की यह अरेंज-कम-लव मैरिज है। हिमांश ने मंगलवार (12 नवंबर) को अपनी शादी समारोह से जुड़ीं कई तस्वीरें साझा कीं, लेकिन उन्होंने अपनी पत्नी की एक भी फोटो सोशल मीडिया पर नहीं पोस्ट की।
अभिनेता की शादी में केवल परिवार को लोग और करीबी दोस्त ही शामिल हुए। इस शादी समारोह में तुलसी कुमार और खुशाली कुमार ने भी शिरकत की। हिमांश की प्री-वेडिंग सेरेमनी का एक इनसाइड वीडियो हाल ही में सामने आया था, जिसमें तुलसी और खुशाली हिमांश के साथ डांस करती नजर आ रही हैं।
इससे पहले आज हिमांश कोहली की मेहंदी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सुबह से ही छाई रहीं। अभिनेता को इन खुशी के पलों में नांचते हुए देखा गया। एक तस्वीर में उन्होंने अपनी पत्नी के नाम का पहला अक्षर भी लिखा हुआ दिखाया था। शादी की खबर सामने आते ही फैंस ने उन्हें बधाइयां देनी शुरू कर दीं।
Rashami Desai: 'उसने मुझे बेहोश करने...,' रश्मि देसाई ने साझा किया कास्टिंग काउच का दर्द