Saif Ali Khan: पत्नी करीना कपूर संग काम नहीं करना चाहते हैं सैफ अली खान, बोले- मुझे इसमें दिलचस्पी है
सैफ अली खान ने एक इंटरव्यू में बताया है कि वह अपनी पत्नी करीना कपूर के साथ फिल्मों में काम नहीं करना चाहते हैं। इसकी वजह भी उन्होंने बताई है।
विस्तार
सैफ अली खान और करीना कपूर बॉलीवुड इंडस्ट्री के पावर कपल हैं। दोनों ने साल 2012 में शादी रचाई थी, जिसके बाद से ही दोनों एक साथ अपनी जिंदगी को एंजॉय कर रहे हैं। सैफ और करीना एक साथ कई फिल्मों में भी नजर आ चुके हैं। दोनों 'टशन', ‘कुरबान’ और ‘ओमकारा’ जैसी फिल्मों में साथ नजर आए थे। करीना और सैफ की आखिरी फिल्म ‘एजेंट विनोद’ थी, जो साल 2012 में रिलीज हुई थी। इसके बाद दोनों की कई फिल्में रिलीज हुईं, लेकिन अब तक वह किसी भी फिल्म में एक साथ नजर नहीं आए। इसकी वजह अब सैफ अली खान ने खुद बताई है।
हाल ही में, सैफ अली खान ने एक इंटरव्यू दिया है, जिसमें उन्होंने अपने और करीना के एक साथ काम करने पर खुलकर बात की। सैफ ने कहा कि हम दोनों ही एक अच्छे प्रोजेक्ट की तलाश में हैं। अगर हमें कोई प्रोजेक्ट मिलता है, तो हम साथ काम कर लेंगे। लेकिन इसके लिए मुझे और करीना को घर के काम को लेकर काफी कुछ संभालना होगा। अच्छा यही होगा कि हम दोनों घर में साथ रहें और काम दूसरे लोगों को साथ ही करते रहें। मैं काम पर जाने में काफी सहज महसूस करता हूं और अच्छा लगता है कि काम से लौटकर अपने परिवार के पास आता हूं। इस तरह जिंदगी में संतुलन बना हुआ है।’
इसके आगे सैफ अली खान ने कहा, ‘जिंदगी में चीजों को संतुलित करके रखना बहुत मुश्किल होता है। परिवार के साथ ही काम करना, ये चीज मैंने काफी समय से नहीं की है और ना ही मुझे इसमें दिलचस्पी है। अगर कोई बहुत ही अच्छा प्रोजेक्ट आता है, तो हम दोनों साथ काम करने के लिए प्लान कर सकते हैं। हम दोनों ही काम करते हैं। लाइफ को मजेदार बनाए रखने के लिए अच्छा रहेगा कि हम दोनों अलग-अलग काम करें और साथ घर में रहें।’
करीना कपूर के वर्क फ्रंट की बात करें तो, जल्द ही करीना की फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ रिलीज होने वाली है। इस फिल्म में करीना के साथ आमिर खान होंगे। ये फिल्म अगले साल 14 अप्रैल 2022 को रिलीज होगी। वहीं, सैफ अली खान के पास भी कई सारे प्रोजेक्ट्स हैं।