शाहरुख खान का 61वां जन्मदिन: मन्नत के बाहर आधी रात से जुटे फैंस, मुंबई पुलिस ने किए सुरक्षा के तगड़े इंतजाम
- बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान आज 02 नवंबर को अपना जन्मदिन मना रहे हैं।
- हर साल उन्हें बधाई देने के लिए देश-दुनिया से फैंस उनके मुंबई स्थित घर मन्नत के बाहर जुटते हैं।
- इस साल भी यही नजारा देखने को मिला है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मुंबई पुलिस ने भी तगड़े इंतजाम किए हैं।
विस्तार
अभिनेता शाहरुख खान आज 61 वर्ष के हो गए हैं। उनका जन्मदिन का मौका प्रशंसकों के लिए किसी उत्सव सरीखा होता है। इस दिन दूर-दराज से लोग अपने चहेते अभिनेता की एक झलक देखने के लिए मायनगरी पहुंचते हैं। इस बार भी शाहरुख खान के जन्मदिन पर आधी रात से ही फैंस उनके मुंबई स्थित घर मन्नत के बाहर जुटने लगे। मुंबई पुलिस ने भी सुरक्षा बढ़ा दी है।
मन्नत के बाहर पुलिसकर्मी तैनात
सोमवार को अभिनेता शाहरुख खान के बर्थडे सेलिब्रेशन से पहले उनके घर 'मन्नत' के बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। इस खास दिन पर एक्टर की एक झलक पाने के लिए फैंस भी उनके घर के बाहर जमा हो गए हैं। मुंबई पुलिस के जवान शाहरुख के घर के बाहर तैनात हैं। सोमवार सुबह जब फैंस मन्नत के बाहर पहुंचे तो पुलिसकर्मियों को कारों की चेकिंग करते और भीड़ को कंट्रोल में रखते देखा गया।
घर की बालकनी से फैंस का अभिवादन करते हैं शाहरुख
हर साल सुपरस्टार शाहरुख खान को जन्मदिन की बधाई देने और उनकी एक झलक पाने के लिए फैंस मन्नत के बाहर जमा होते हैं। एक्टर अक्सर इस मौके को और भी खास बना देते हैं। वे अपने घर की बालकनी में आकर फैंस का अभिवादन करते हैं।
'किंग' का पहला गाना हुआ रिलीज
जन्मदिन के मौके पर शाहरुख खान के फैंस को तोहफा मिला है। उनकी आगामी फिल्म 'किंग' का पहला गाना 'तू मिल जाए' कल आधी रात को मेकर्स ने जारी किया। गाने में शाहरुख खान एक एक्शन हीरो और लवर के तौर पर नजर आ रहे हैं। इसमें शाहरुख खान के साथ दीपिका पादुकोण भी हैं। दोनों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री एक बार फिर देखने को मिली है। बता दें कि 'किंग' के जरिए फिल्म 'डंकी' के तीन साल बाद शाहरुख खान बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं। 'किंग' 24 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।