बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने ‘वर्ल्ड थियेटर डे’ के मौके पर बीते दिनों के पिटारे से निकालकर कुछ खास और अनदेखी तस्वीरें शेयर की हैं। इसमें अभिनेता के साथ उनके समय के और भी कई कलाकार नजर आ रहे हैं। थियेटर डे के मौके पर अनुपम खेर समेत अन्य कई कलाकार भी अपने-अपने समय को याद कर रहे हैं। कला और अभिनय के मंदिर कहे जाने वाले देशभर के थियेटरों न जाने कितने ही ऐसे अभिनेता-अभिनेत्री दिए हैं, जिन्होंने आगे चलकर खूब नाम कमाया। अपने नाम के साथ ही देश का नाम भी रोशन किया और ये साबित कर दिया कि अभिनय मात्र किसी भूमिका को निभाना नहीं बल्कि उसे जीवंत कर देना है। ऐसे ही कुछ अभिनेताओं में से हैं अनुपम और किरण खेर।
वर्ल्ड थियेटर डे: अनुपम खेर ने शेयर कीं अनदेखी तस्वीरें, उन दिनों कितने अलग दिखते थे ये सितारे
मनोरंजन के दृष्टिकोण से विश्व रंगमंच दिवस अपना खास स्थान रखता है। हर साल 27 मार्च के दिन विश्व रंगमंच दिवस का आयोजन किया जाता है। इस दिन दुनिया के कई देशों में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर रंगमंच या थियेटर से जुड़े हुए कलाकार कई समारोह का आयोजन करते हैं। हालांकि, कोरोना के कारण इस साल इसकी रौनक थोड़ी फीकी पड़ गई है।
एक थिएटर अभिनेता के रूप में अपनी पिछली यात्रा को याद करते हुए अनुपम खेर ने कुछ तस्वीरें शेयर की हैं, जिसे लोग काफी पसंद कर रहे हैं। अनुपम ने ‘ब्लैक एंड व्हाइट’ समय की तस्वीरें साझा की हैं, जिसके जरिए वे मुम्बई होटल और अन्य जगहों पर अपने थियेटर के समय को याद करते दिखे। एक तस्वीर में उनकी पत्नी किरन खेर, नीना गुप्ता और दिवंगत अभिनेता फारूक शेख भी दिखाई दे रहे हैं।
इस तस्वार को शेयर करते हुए अनुपम खेर ने लिखा ‘वर्ल्ड थियेटर डे के मौके पर थियेटर एक्टर के तौर पर 50 सालों का मेरा सफर। इस खास अवसर पर मैं अपने सभी गुरू, निर्देशक, सह कलाकार और दर्शकों का धन्यवाद करना चाहता हूं उनकी शिक्षा और प्यार के लिए। जय हो!’
पहली तस्वीर तो काफी पुरानी लग रही है, जिसमें अनुपम खेर काफी युवा दिख रहे हैं। शायद कुछ लोगों को पहचान में भी न आएं। वह हाथों से किसी तरह का स्टेप कर रहे हैं। उनके अभिनय का अंदाज उस समय भी सबसे जुदा लग रहा है। अनुपम ने खुद को बड़े अच्छे से कैरी किया है। वहीं उनका ड्रेसिंग सेंस भी जबरदस्त लग रहा है।