बॉलीवुड की मशहूर कोरियोग्राफर और निर्देशक फराह खान हमेशा चर्चा में बनी रहती हैं। इस बार फराह दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत को याद कर और उनकी फिल्म ‘दिल बेचारा’ को लेकर सुर्खियों में आ गई हैं। दरअसल, फराह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म की शूटिंग की कुछ तस्वीरें शेयर की हैं और पुराने समय को याद कर भावुक हो गईं। फराह का ये पोस्ट खूब वायरल हो रहा है। सुशांत सिंह की फोटो देख यूजर्स जमकर इस पोस्ट पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कुछ लोग दिवंगत अभिनेता को याद कर रहे हैं, कुछ उनकी फिल्म को तो दूसरी तरफ फराह के फैंस उन्हें बधाई व शुभकामनाएं देते नजर आए।
सुशांत सिंह को याद कर भावुक हुईं फराह खान, ‘दिल बेचारा’ के लिए अवॉर्ड मिलने पर लिखा खास नोट
दरअसल, 66वें फिल्मफेयर अवॉर्ड 2021 के नॉमिनेशंस की लिस्ट सामने आ चुकी है, जिसमें सुशांत सिंह राजपूत की फिल्म ‘दिल बेचारा’ में कोरियोग्राफी के लिए फराह खान को अवॉर्ड मिला है। इसी कारण बॉलीवुड की फेमस कोरियोग्राफर फराह ने अवॉर्ड मिलने की खुशी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की। इस दौरान सुशांत के साथ फोटो भी शेयर की।
फराह ने इस तस्वीर के साथ एक खास कैप्शन भी लिखा। उन्होंने लिखा ‘ये बहुत खास है। मेरा सातवां फिल्मफेयर अवॉर्ड 'दिल बेचारा' के लिए। सुशांत सिंह राजपूत के साथ मेरा एकमात्र गाना बेहद खास है, जो मेरी सबसे अच्छी कोरियोग्राफी बन गई'।
बता दें कि इससे पहले भी जब दिल बेचारा फिल्म का टाइटल ट्रैक रिलीज हुआ था तो उस समय भी फराह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर खुशी जताई थी। वहीं, सुशांत को लेकर दुख भी व्यक्त किया था। उन्होंने कहा था कि ये गाना विशेष तौर पर मेरे दिल के बेहद करीब है क्योंकि इसमें पहली बार मैंने सुशांत को कोरियोग्राफ किया था।
बता दें कि 'मैं हूं ना', 'ओम शांति ओम' और 'तीस मार खां' जैसी तमाम फिल्मों का निर्देशन कर चुकीं फराह खान हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी शख्सियत हैं। बहुमूल्य प्रतिभाओं की धनी फराह खान काफी लंबे वक्त से अपनी कोरियोग्राफी की वजह से जानी जाती हैं। लगभग 100 से ज्यादा गानों में वे अपनी कोरियोग्राफी का हुनर दिखा चुकी हैं। इतना ही नहीं उनका अपना 'थ्रीस कंपनी' नाम का प्रोडक्शन हाउस भी है, जिसके तहत कई फिल्मों का निर्माण हुआ है। वे बड़े पर्दे और टीवी दोनों जगह सक्रिय रहती हैं।