{"_id":"137-39659","slug":"New-Delhi-39659-137","type":"story","status":"publish","title_hn":"एयरपोर्ट से ‘अपहृत’ किशोरी निकली शादीशुदा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
एयरपोर्ट से ‘अपहृत’ किशोरी निकली शादीशुदा
New Delhi
Updated Wed, 07 Aug 2013 05:33 AM IST
विज्ञापन
नई दिल्ली। एयरपोर्ट से लापता हुई किशोरी के अपहरण का मामला सुलझ गया है। एयरपोर्ट पर सफाई का काम करने वाली किशोरी शुक्रवार को लापता हो गई थी। दरअसल, वह बालिग है और अपने प्रेमी के साथ चली गई। युवती ने पुलिस के सामने बयान देकर शादी की बात कबूली और अदालत में भी बयान दे दिया है। युवती व उसका पति मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं। आईजीआई थाना पुलिस ने कापसहेड़ा निवासी युवती की मां की शिकायत पर दो अगस्त को बेटी के सहकर्मी दीपक के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज करवाया था। पुलिस के मुताबिक युवती की मां ने उसकी उम्र साढ़े 17 साल बताई थी। उसकी आयु का कोई सही दस्तावेज मौजूद नहीं था। इस आधार पर पुलिस ने नाबालिग के अपहरण का मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने जब किशोरी को बुलाया गया तो उसने कहा कि वह बालिग है और उसकी आयु 23 साल है। उसका जन्म 1990 में हुआ था। वह दीपक से काफी पहले शादी कर चुकी है, लेकिन अपनी मां से यह बात छिपा रखी थी। युवती ने इस बाबत पटियाला हाउस स्थित एमएम अशोक कुमार के समक्ष सोमवार को अपना बयान दर्ज करवाया।
विज्ञापन