{"_id":"61300e838ebc3e5ad732fe55","slug":"delhi-rain-broke-the-record-of-19-years","type":"photo-gallery","status":"publish","title_hn":"राहत या आफत : दिल्ली-एनसीआर में आज फिर तेज बारिश, कल टूटा था 19 साल का रिकॉर्ड","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
राहत या आफत : दिल्ली-एनसीआर में आज फिर तेज बारिश, कल टूटा था 19 साल का रिकॉर्ड
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Thu, 02 Sep 2021 07:10 AM IST
सार
मौसम विभाग ने दो व तीन सितंबर के लिए भी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है
एनसीआर के कई हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है
विज्ञापन
1 of 5
आज फिर लबालब हुईं सड़कें...
- फोटो : ani
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
Link Copied
दिल्ली-एनसीआर में बारिश का सिलसिला एक बार फिर शुरू हो गया है। राष्ट्रीय राजधानी में आज लगातार बारिश का तीसरा दिन है। कल बरसात ने 19 साल का रिकॉर्ड तोड़ा था। कई सालों बाद एक दिन में सबसे ज्यादा बारिश का रिकॉर्ड बना था। मूसलाधार बारिश के कारण सवेरे से ही दिल्ली और आसपास के इलाकों में पानी जमा हो गया था और राजधानी दिन-भर जाम से जूझती रही। बारिश फिर चल रही है। कल जैसे हालात होने की आशंका है।
#WATCH | Heavy rain hits the National Capital for second day in a row, causing partially waterlogged roads. Visuals from near AIIMS, pic.twitter.com/GqbiuiiNTl
दिल्ली में दो दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश ने कल 19 साल का रिकॉर्ड तोड़ा था। 24 घंटे में 112.1 मिमी बारिश दर्ज की गई है। यह 19 साल में एक दिन में सबसे अधिक हुई वर्षा है। इससे पहले वर्ष 2002 में 126.8 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। 1961 से 2021 तक 61 साल में यह पांचवीं बार है कि जब सितंबर में 21 घंटे में इतनी बारिश हुई। इससे अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री और न्यूनतम सामान्य से तीन डिग्री तक लुढ़क गया। आज भी सवेरे से दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में रुक-रुककर बारिश हो रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में सितंबर में औसतन 125.1 मिमी बारिश होती है, जबकि इस बार पहले ही दिन 24 घंटे में 112.1 मिमी बारिश हो गई। यानी, सितंबर की 90 फीसदी वर्षा एक दिन में ही हो गई है। बुधवार सुबह 8.30 बजे तक 112.1 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि शाम 5.30 बजे तक 76.5 मिमी बारिश हुई। इस तरह से 33 घंटे में 188.6 मिमी बारिश हुई। सबसे अधिक बारिश लोदी रोड केंद्र में सुबह 8.30 बजे तक 120.2 मिमी और शाम 5.30 बजे तक 75.8 बारिश दर्ज की गई। रिज में सुबह 8.30 बजे तक 81.6 और शाम 5.30 बजे तक 52.0 मिमी बारिश दर्ज हुई। पालम में सुबह 8.30 बजे तक 71.1 मिमी व शाम 5.30 बजे तक 80.6 मिमी बारिश दर्ज की गई।
बारिश के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री कम 28.7 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम सामान्य से तीन कम 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने दो व तीन सितंबर के लिए भी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। तीन व चार सितंबर को भी बारिश की संभावना है। चार सितंबर के बाद तापमान में बढ़ोतरी होनी शुरू होगी। सात सितंबर तक तापमान 36 डिग्री तक चढ़ जाएगा।
ये है स्थिति
वर्ष बारिश
2021 112.1
2002 126.8
1964 142.2
1978 159.4
1963 172.6
नोट : आंकड़े मिमी में हैं।
लबालब सड़कों ने खोली सरकारी दावों की पोल
2 of 5
दिल्ली बारिश
- फोटो : self
दिल्ली में लगातार दो दिन तक हुई भारी बारिश ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और दिल्ली के तीनों निगमों द्वारा किए गए जल निकासी के सभी प्रबंधों को आइना दिखा दिया। सरकारी आंकड़ों दर्शाया गया है कि 210 से ज्यादा जगहों पर पानी भरा है, लेकिन इससे कहीं ज्यादा कॉलोनियों, खाली प्लॉट, सड़कें और अंडरपास पानी से लबालब हो गए। कई जगह तो घरों के अंदर तक पानी घुस गया।
भारी बारिश से दिल्ली की सड़कें तालाब और झरने जैसी दिखने लगीं। मानसून से पहले पीडब्ल्यूडी का दावा था कि नाले साफ हैं। तेज बारिश होने पर जलजमाव पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखेंगे, लेकिन इस बारिश दावों की पोल खोल दी। पीडब्ल्यूडी की रिपोर्ट में बुधवार को 158 जगह भारी जलभराव हुआ।
पंपों से की जलनिकासी
तीनों नगर निगम के दावे भी फेल हो गए। पूर्वी दिल्ली में सात जगह भारी जलजमाव हुआ। रामनगर, कृष्णा नगर, सीबीडी ग्राउंड कड़कड़डूमा, डीएम कार्यालय नंद नगरी, हर्ष विहार रामलीला ग्राउंड, जाफराबाद और यमुना विहार कॉलोनियां व सड़कें लबालब थीं। पंपों से कॉलोनियों में भरा पानी निकाला गया।
21 जगह गिरे पेड़-शाखाएं
दक्षिणी निगम क्षेत्र में 31 जगह जलभराव हुआ। मुनिरका में डीडीए फ्लैट की दीवार गिर गई और रघुवीर नगर कैंप में भी एक घर का हिस्सा गिर गया। दोनों जगहों पर गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। क्षेत्र में 21 जगह पेड़ और शाखाएं भी गिर गईं।
घरों में घुसा नाले का पानी
उत्तरी निगम क्षेत्र में 14 जगह भारी जलजमाव हुआ। नेताजी सुभाष प्लेस से रिठाला मार्ग पानी से भरा रहा। सुबह घरौंदा में फ्लड डिपार्टमेंट का नाला उफन आया। आसपास की कॉलोनियों में घरों में पानी घुस गया। घरौंदा के लोग घरों में पानी भरने से अभी भी परेशान हैं। यहां पंपों से पानी निकाला जा रहा है।
कई रूटों पर यातायात व्यवस्था ध्वस्त
बुधवार को दिल्ली की सड़कों पर वाहनों की कतार लगी रही। आईटीओ, डीडीयू मार्ग, दिल्ली गेट से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन मार्ग पर जलजमाव के कारण जाम लगा रहा। पूर्वी दिल्ली में पटपड़गंज से गीता कॉलोनी और लोहा पुल तक भारी जाम था। पूरा दिन जाम से लोग प्रभावित हुए। सोनिया विहार पुस्ते से शाहदरा के सभी रूटों पर दिनभर घुटने भर पानी में लोग आते-जाते रहे। उत्तरी दिल्ली में एनएसपी से रिठाला रूट बुरी तरह जाम से प्रभावित हुआ। इनर रिंग रोड पर आजादपुर से पंजाबी बाग तक भारी जाम था। दक्षिणी दिल्ली में कालकाजी और न्यू फ्रैंड्स कॉलोनी से आश्रम तक सबसे ज्यादा जाम रहा।
हवाई अड्डा जाने में हुई परेशानी
आईजीआई हवाई अड्डा जाने वाले रास्ते एनएच-8 पर भारी जाम था। एनएच-8 से वापस वसंत कुंज जाने वाले मार्ग पर भी भीषण जाम रहा। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। धौलाकुआं से पटेेल मार्ग होते हुए 11 मूर्ति और कनॉट प्लेस तक लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ा। दिनभर हुई भारी बारिश के कारण यह स्थिति बनी रही।
बारिश ने व्यापारियों को दी आर्थिक चोट
3 of 5
दिल्ली में झमाझम बारिश।
- फोटो : ट्विटर ANI
दो दिन से लगातार हो रही बारिश ने दिल्ली के व्यापार को भी चोट पहुंचाई है। जगह-जगह जलभराव और सीवर के पानी से लोग बेहद परेशान हैं। सदर बाजार स्थित तेलीवाड़ा में तो दुकानों के अंदर तक पानी घुस गया है। इससे व्यापार भी चौपट हो गया और सामान का भी नुकसान हुआ है। भारी जलजमाव की वजह से बाजारों में राजनीति भी शुरू हो गई है।
सदर बाजार, चांदनी चौक, नजफगढ़, लक्ष्मी नगर, गांधी नगर समेत कई बाजारों में घुटने तक जलजमाव हो गया। नजफगढ़ इलाके के बाजारों में तो दुकानदारों का हल्का सामान भी पानी में तैरता नजर आया। सदर बाजार के तेलीवाड़ा स्थित दुकानों में पानी अंदर तक चला गया। तेलीवाड़ा बाजार के व्यापारी राजेंद्र शर्मा ने बताया कि तेलीवाड़ा महावीर बाजार में घरों और दुकानों में पानी भर गया। दो दिन पूर्व ही जलबोर्ड ने पाइप लाइन बदली थी, लेकिन समस्या का निदान नहीं हो सका।
कन्फेडरेशन ऑफ सदर बाजार एसोसिएशन के देवराज बावेजा ने बताया समस्या सिर्फ जलभराव तक नहीं है। इसके बाद कीचड़ की वजह से माल लाना और ले जाना भी मुश्किल है। बाजार में ग्राहक भी गंदगी की वजह से नहीं पहुंच रहे हैं। रविवार नहीं होने के बावजूद बाजार एक तरह से बंद रहा। गांधी नगर मार्केट के नरेश सिक्का ने बताया कि बरसात के बाद भी समस्या बनी रहती है। कीचड़ की वजह से व्यापार करना दुर्भर रहता है। सीवर जाम हैं, सड़क टूटी हुई हैं, लेकिन व्यापारियों की समस्या सुनने को कोई तैयार नहीं है।
जलजमाव पर राजनीति
जलभराव के विरोध में उत्तरी पूर्वी के पूर्व मेयर जयप्रकाश जेपी अपने समर्थकों के साथ दिल्ली सरकार के खिलाफ तेलीवाड़ा में धरने पर बैठ गए हैं। उनकी टीम बुजुर्गों, बच्चों व महिलाओं की सहायता के लिए जरूरत का सामान पहुंचा रहे हैं। सुपर शकर मशीन की व्यवस्थाओं के लिए भी संपर्क साधा। जेपी ने कहा कि घरों व दुकानों में पानी भरने के कारण बिजली करंट फैलने की आशंका भी बढ़ गई है। आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के विधायक भी व्यापारियों की समस्या को लेकर आगे नहीं आते हैं। सिर्फ एमसीडी पर दोष मढ़कर दिल्ली सरकार अपनी जिम्मेदारियों से बच नहीं सकती है।
विज्ञापन
विज्ञापन
नई दिल्ली यार्ड में भारी जलजमाव, दो दर्जन से अधिक ट्रेन प्रभावित
4 of 5
पानी-पानी...
- फोटो : अमर उजाला
बारिश की वजह से ना केवल सड़क यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई बल्कि इस वजह से ट्रेन की समय-सारणी भी बिगड़ गई। सिर्फ दिल्ली रेल मंडल की 25 से अधिक ट्रेनें बारिश की वजह से प्रभावित हुई। ट्रेन जगह-जगह ट्रैक पर ही खड़ी हो गई। ट्रेनों की लेटलतीफी व जगह-जगह रूकने की वजह से यात्रियों को भी परेशान होना पड़ा। नई दिल्ली से संचालित होने वाली कई ट्रेन चार से छह घंटे की देरी से रवाना की गई।
बारिश के कारण रेल यातायात बुधवार को जबरदस्त रूप से प्रभावित हुई। चंडीगढ़ शताब्दी, अमृतसर शताब्दी, कालका शताबदी, सियालदाह राजधानी, अमृतसर सुपर फास्ट, स्वतंत्रता सेनानी, कनार्टका एक्सप्रेस समेत दर्जनों ट्रेन 3-6 घंटे की देरी से नई दिल्ली स्टेशन से रवाना हुई। इस वजह से यात्रियों को घंटों स्टेशन पर गुजारना पड़ा। इसी तरह दिल्ली सराय रोहिल्ला-सीकर-दिल्ली सराय रोहिल्ला स्पेशल रेलसेवा आंशिक रूप से रद्द कर दी गई। सीकर यार्ड में पानी भर जाने के कारण ट्रेनें प्रभावित हुई तो नई दिल्ली रेलवे स्टेशन यार्ड में भारी जलजमाव की वजह दो दर्जन से अधिक ट्रेन प्रभावित हुई।
सुबह 8:05 बजे से ही ट्रेनों का संचालन बाधित होने लगा। पांच पानी के पंप लगा कर यार्ड से पानी को हटाने में मदद ली गई। तब जाकर ट्रेनों का परिचालन नियमित हो सका। रेलवे अधिकारियों के अनुसार मुख्य रूप से ट्रेन संख्या 04037 पूर्वोत्तर संपर्क क्रांति, 04027, नई दिल्ली-जालंधर (04682), कालका शताब्दी (02006), नई दिल्ली-कानपुर हमसफर (02033), देहरादून शताब्दी (02056), हावड़ा-नई दिल्ली (02301), सियालदाह राजधानी (02313/ 02014) ट्रेन प्रभावित हुई। इसके अलावा ट्रेन संख्या 02420, 02423, 02462, 02847, 04211, 04315, 06527, 08478, 01078, 02392, 02566, 02058, 02398, 02420, 02505, 02581, 02617, 02625, 02716, 02716, 02871, 02925, 04003, 04090, 04688, 04406, 04409, 04422, 04436, 04454, 04485 के यात्रियों को भी परेशान होना पड़ा।
विज्ञापन
बारिश के कारण ठहर गई रफ्तार
5 of 5
बारिश से जनजीवन बेहाल
- फोटो : ANI
राजधानी में बारिश से एक बार यातायात व्यवस्था चरमरा गई। ज्यादातर मार्गों पर वाहन रेंगते नजर आए। जलजमाव के कारण प्रमुख मार्गों के साथ बारापूला व एनएच-8 पर वाहनों की दो से तीन किमी लंबी लाइनें लगी रहीं। कई मार्गों पर यातायात परिवर्तित भी करना पड़ा। सड़कों पर काफी ज्यादा पानी भरने की वजह से पुलिसकर्मी भी ट्रैफिक व्यवस्था नहीं संभाल पाए। दोपहर बाद बारिश कुछ कम हुई तो यातायात सामान्य हो सका।
बुधवार सुबह से ही बारिश के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जलजमाव की वजह से सड़कों पर वाहनों की लंबी लाइनें लग गई। भीषण जाम के कारण लोग अपने गंतव्यों तक घंटों देरी से पहुंचे। कार्यालय जाने वाले कई लोगों ने सोशल मीडिया पर वीडियो तथा तस्वीरें साझा कर परेशानी बताई और कुछ ने पुलिस से मदद मांगी। धौलाकुआं में भारी जाम लगा था। यहां से एक व्यक्ति ने शिकायत कर बताया कि वह लगभग 90 मिनट से जाम में फंसा है। उधर, आजादपुर, दिल्ली कैंट और कालिंदी कुंज फ्लाईओवर सहित अन्य स्थानों पर भी भारी जाम रहा।
पूर्वी दिल्ली के शाहदरा से रोहिणी अदालत जा रहे वकील राहुल तोमर ने ट्वीट किया कि आजादपुर में भारी जाम है। मैं अपने मुवक्किल से मुलाकात करने जा रहा था और यहां करीब 50 मिनट से फंसा हूं। पूर्वी दिल्ली में लक्ष्मी नगर से आईटीओ जाने वाले मुकेश श्रीवास्तव ने भी बताया कि वह कार्यालय देर से पहुंचे। वह लक्ष्मीनगर के आसपास जाम में फंसे रहे।
मिंटो ब्रिज समेत कई अंडरपास करने पड़े बंद
मिंटो ब्रिज, भैरो मार्ग व पुल प्रह्लादपुर अंडरपास समेत कई अंडरपास में जबरदस्त जलभराव हो गया। मिंटो ब्रिज और पुल प्रह्लादपुर अंडरपास को बंद कर दिया गया था। यहां से ट्रैफिक परिवर्तित किया गया। निजामुद्दीन ब्रिज के नीचे से मूलचंद से आईटीओ जाने वाले कैरिज्वे को भी बंद कर दिया गया। यह शाम तक बंद था। वाहनों को जाकिर हुसैन से आगे भेजा जा रहा था।
सिग्नल हो गए खराब
कई जगह बारिश से लाइट सिग्नल खराब हो गए। इससे चौराहों पर भी जाम लगा रहा। चौराहों से गुजरने में वाहन चालकों को आधा से एक घंटे का समय लग रहा था। एक बाइक सवार को मथुरा रोड से निजामुद्दीन जाने के लिए आश्रम चौक पार करने में 50 मिनट से ज्यादा का समय लग गया।
इन जगह जबरदस्त जाम रहा
आईटोओ, मयूर विहार, लक्ष्मी नगर, विकास मार्ग, डब्ल्यू पाइंट, मंडी हाउस, मथुरा रोड, प्रगति मैदान, सराय काले खां, कल्याणपुरी, बदरपुर, आश्रम चौक, हौजखास, अर्द्घचनी से किशनगढ़, भीकाजी कॉमा प्लेस, धौलाकुंआ, एनएच-8, लाला लाजपत राय मार्ग, इंडिया गेट, नई दिल्ली में सम्राट होटल, 11 मूर्ति गोल चक्कर, मदर टेरेसा क्रेसेंट मार्ग, मायापुरी चौक, विकासपुरी, नारायणा, आजादपुर, रोहिणी व आईएसबीटी, चांदनी चौक, गोलकधाम बिजवासन, घिटोरनी मेट्रो स्टेशन से एमजी रोड, तिगड़ी व संगम विहार आदि जगहों पर पानी भरने से जबरदस्त जाम रहा।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे| Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
विज्ञापन
विज्ञापन
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।