Delhi: शॉपिंग फेस्टिवल के आयोजन की तैयारियां तेज, मुख्यमंत्री ने की उच्चस्तरीय बैठक में पर्यटन विभाग ने पेश किया खाका
मुख्यमंत्री ने शॉपिंग फेस्टिवल को विश्वस्तरीय बनाने के लिए तैयारियों में किसी तरह की कमी न रहने देने का निर्देश दिया। फेस्टिवल के जरिए खरीदारी और डिस्काउंट को भी प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि ग्राहकों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
केजरीवाल सरकार ने शॉपिंग फेस्टिवल के आयोजन की तैयारियां तेज कर दी हैं। फेस्टिवल के सिलसिले में हुई बैठक में पर्यटन विभाग की तरफ से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के समक्ष शॉपिंग फेस्टिवल का खाका पेश किया गया।
मुख्यमंत्री ने शॉपिंग फेस्टिवल को विश्वस्तरीय बनाने के लिए तैयारियों में किसी तरह की कमी न रहने देने का निर्देश दिया। फेस्टिवल के जरिए खरीदारी और डिस्काउंट को भी प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि ग्राहकों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके। इस फेस्टिवल में लाखों लोगों के शामिल होने की उम्मीद जताई गई है।
माना जा रहा है कि इससे दिल्ली के व्यापारियों का मुनाफा बढ़ेगा और हजारों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। मुख्यमंत्री ने शॉपिंग फेस्टिवल के सिलसिले में उच्चस्तरीय बैठक की। इसमें उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, डीडीसी उपाध्यक्ष जस्मीन शाह भी मौजूद रहे। केजरीवाल सरकार के रोजगार बजट के तहत यह एक महत्वपूर्ण पहल है।
दिल्ली में बड़े स्तर पर शॉपिंग फेस्टिवल के आयोजन के लिए पर्यटन विभाग की ओर से प्रस्तुति पेश की गई। इसमें पूरे शॉपिंग फेस्टिवल का खाका पेश किया और दिल्ली के बाजारों, व्यापारिक संगठनों की ओर से सुझाव भी मुख्यमंत्री के समक्ष पेश किए गए।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले होंगे पुरस्कृत
दिल्ली सरकार ने बाजारों में फिर से रौनक लाने के लिए कवायद तेज कर दी है। राजस्व बढ़ोतरी के लिए राजधानी में दिल्ली शॉपिंग फेस्टिवल के आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। शॉपिंग फेस्टिवल में शॉपिंग, डिस्काउंट, फन व एंटरटेनमेंट सहित कई और सेवाएं होंगी।
शॉपिंग, डिस्काउंट के साथ कीमतों का खास ध्यान रखा जाएगा। खरीदारी को खास बनाने के लिए विशेष तरह के परिधान, आभूषण, क्रॉकरी सहित दूसरे उत्पाद उपलब्ध होंगे। उत्पादों की खरीदारी पर डिस्काउंट के साथ दिल्ली की सांस्कृतिक पृष्ठभूमि पर आधारित उत्पाद भी होंगे।
फेस्टिवल में दिल्ली की खरीदारी का अहसास करवाने सहित लोगों के मनोरंजन के लिए भी आयोजन होंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।
चार क्षेत्रों में होगा आयोजन
शॉपिंग फेस्टिवल के तहत खरीदारी के दौरान डिस्काउंट को प्रोत्साहित किया जाएगा। उपभोक्ताओं को अधिक से अधिक लाभ मिल सके, इसलिए चार क्षेत्रों में फेस्टिवल आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। फेस्टिवल में शॉपिंग डिस्काउंट और पुरस्कार के साथ-साथ कला और संस्कृति, फूड एंड क्यूलिनेरी और मनोरंजन को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस बात पर जोर दिया कि फेस्टिवल में दिल्ली की खासियतों और अनुभवों पर केंद्रित कार्यक्रम हों, ताकि दुनिया के अधिक से अधिक लोगों को आकर्षित किया जा सकें। केजरीवाल सरकार इस शॉपिंग फेस्टिवल को परिवहन, होटल-रेस्तरां, ट्रैवल और आतिथ्य सत्कार से जोड़ेगी। इससे सैकड़ों लोगों को रोजगार मिलेगा और दिल्ली सरकार के राजस्व में भी बढ़ोतरी होगी।
लजीज व्यंजन भी होंगे
शॉपिंग फेस्टिवल में लोगों को दिल्ली के प्रचलित खाद्य व्यंजनों का लुत्फ उठाने का भी मौका मिलेगा। दिल्ली के मशहूर छोले भटूरे, पराठे, कचौरी, रोल्स, दही भल्ला, छोले समोसे और चाट के स्टॉल भी होंगे।
मनोरंजन का खास ध्यान
लोगों को जोड़ने के लिए मनोरंजन का खास ध्यान रखा जाएगा। इसके तहत दिल्ली की सांस्कृतिक झलक पेश की जाएगी। इसमें संगीतकार, फिल्मी हस्तियां, हास्य कलाकार, नृत्य समूह की प्रस्तुतियां पेश की जाएंगी।