Delhi: मामूली विवाद के बाद बेगमपुर में युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार
बेगमपुर में डीडीए मार्केट के गेट नंबर 3 के पास एक व्यक्ति पर चाकू से हमले की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो घायल को अस्पताल ले जाया जा चुका था। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत चार को गिरफ्तार कर लिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली के मालवीय नगर थाना क्षेत्र में बेगमपुर स्थित डीडीए मार्केट में गुरुवार शाम मामूली बहस के बाद चार-पांच युवकों ने एक युवक की चाकुओं से हमला कर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि बेगमपुर में डीडीए मार्केट के गेट नंबर 3 के पास एक व्यक्ति पर चाकू से हमले की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो घायल को अस्पताल ले जाया जा चुका था। इसके बाद एम्स के ट्रॉमा सेंटर से घायल मयंक पंवार की मौत की सूचना मिली। मयंक (25) दिल्ली के शाहपुर जट का रहने वाला था।
पहले किया पत्थरों से हमला, फिर मारा चाकू
पुलिस ने बताया कि मयंक के एक दोस्त विकास पंवार से पूछताछ में पता चला कि गुरुवार शाम लगभग सात बजे दोनों लोग मालवीय नगर में बेगमपुर के किला पर बैठे थे। अचानक चार-पांच अज्ञात लोग वहां पहुंचे और मयंक से बहस करने लगे। उसने बताया कि सभी आरोपी वहां से चले गए और थोड़ी देर बाद आकर उन दोनों को पत्थर मारने लगे।
विकास ने बताया कि इसके बाद उसने और मयंक ने मौके से भागने की कोशिश की तो आरोपी मयंक के पीछे भागने लगे। आरोपियों ने बेगमपुर में डीडीए मार्केट के गेट नंबर 3 पर मयंक को पकड़ लिया और उस पर कई बार चाकुओं से हमला किया। पुलिस ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें पकड़ने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
मालवीय नगर पुलिस ने हत्या का मामला दर्जकर मनीष व उसके तीन दोस्तों को पकड़ लिया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कौन-कौन आरोपी मयंक की हत्या की वारदात में शामिल है। ये भी बताया जा रहा है कि मनीष के कुछ दोस्तों ने मयंक को बचाने की कोशिश की थी। मयंक को सरेराह चाकू मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। मालवीय नगर पुलिस ने मयंक पंवार के शव का पोस्टमार्टम कराकर शुक्रवार शाम को परिजनों को सौंप दिया था।
परिजनों ने पुलिस पर लगाया सहयोग नहीं करने का आरोप
मयंक पंवार के परिजनों ने पुलिस पर सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया है। मयंक के चाचा प्रदीप पंवार ने बताया कि उसका भतीजा दोपहर दो बजे घर से निकला था। उसके बाद क्या हुआ कुछ पता नहीं चला। जब रात में जानकारी मिली तो वह अस्पताल पहुंचे। वहां दोस्तों ने बताया कि पत्थरबाजी हुई थी। मयंक के एक रिश्तेदार सोनल सिंह ने बताया कि कल रात से सब घर वाले पेरशान हैं। पुलिस कुछ बता नहीं रही थी और न ही कोई सहयोग कर रही थी।