{"_id":"60a343918ebc3e646e7f9547","slug":"wrestler-sagar-murder-case-wrestler-sushil-kumar-file-anticipatory-bail-plea-hearing-today","type":"story","status":"publish","title_hn":"सागर हत्याकांड : पहलवान सुशील कुमार को रोहिणी कोर्ट से बड़ा झटका, अग्रिम जमानत याचिका खारिज","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सागर हत्याकांड : पहलवान सुशील कुमार को रोहिणी कोर्ट से बड़ा झटका, अग्रिम जमानत याचिका खारिज
Tue, 18 May 2021 05:05 PM IST
पूजा त्रिपाठी
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
Published by: पूजा त्रिपाठी
Updated Tue, 18 May 2021 05:05 PM IST
सार
सुशील कुमार चार मई को सागर की मौत के बाद से फरार चल रहा है। सागर हत्याकांड में फरार चल रहे सुशील कुमार ने मंगलवार को रोहिणी कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दायर की थी। कोर्ट ने पहलवान की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी। दिल्ली पुलिस ने कहा कि सुशील कुमार के बारे में जानकारी देने वाले को एक लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा।
विज्ञापन
सुशील कुमार
- फोटो : ट्विटर
विस्तार
पहलवान सुशील कुमार को दिल्ली की रोहिणी कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। कोर्ट ने पहलवान की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है। पहलवान सागर हत्याकांड में फरार चल रहे सुशील कुमार ने मंगलवार को रोहिणी कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दायर की थी।
विज्ञापन
पुलिस ने सुशील पर रखा एक लाख का इनाम
गौरतलब है कि सुशील कुमार चार मई को सागर की मौत के बाद से फरार चल रहा है। दिल्ली पुलिस ने सोमवार को कहा कि सुशील कुमार के बारे में जानकारी देने वाले को एक लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा।
विज्ञापन
पुलिस ने यह भी कहा कि 50 हजार रुपये की राशि उस व्यक्ति को दी जाएगी, जो इस मामले में एक और आरोपी अजय के बारे में जानकारी देगा। शनिवार को दिल्ली की एक अदालत ने स्टार पहलवान के खिलाफ गैर जमानती वारंट भी जारी किया था।
विज्ञापन
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अजय ट्रेनर ही नहीं, सुशील का गहरा दोस्त भी है। आशंका इसी बात की ज्यादा है कि अजय ही सुशील के छिपने में मदद कर रहा है। इसलिए दोनों पर एक साथ इनाम घोषित किया गया है। इससे अब दोनों के बचने के सारे दरवाजे बंद हो गए हैं। पुलिस दिल्ली-एनसीआर में अलग-अलग जगहों पर छापा मार रही है। हालांकि, अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है।
दूसरी तरफ अधिकारियों का कहना है कि बचने के सभी रास्ते बंद होने के बाद संभव है कि सुशील आत्मसमर्पण कर दें। इस लिहाज से अगले एक-दो दिन उसके लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। इस बीच वह पुलिस के सामने सरेंडर कर दे। पुलिस का कहना है कि सुशील के दर्जन भर ठिकानों पर छापेमारी की गई है। ऐसे में उसका जोर इसी बात पर है कि वह सुशील को आत्मसमर्पण का मौका न दे। इसकी जगह वह गिरफ्तार करने में कामयाब हो जाए।