प्रसव पीड़ा नहीं झेल पाई स्वाइन फ्लू पीड़िता, मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली में स्वाइन फ्लू से पीड़ित एक महिला की मौत हो गई। महिला गर्भवती थी और प्रसव के दौरान उसकी स्थिति ज्यादा खराब हो गई। नवजात को बचा लिया गया है और उसकी हालत ठीक है।
इस वर्ष इस बीमारी से अब तक दिल्ली में 12 की मौत हो चुकी है। गंगा राम अस्पताल में भी इलाज के दौरान एक डॉक्टर की मौत का मामला आया था लेकिन सरकार ने उसे अभी तक अपनी सूची में शामिल नहीं किया है।
दिल्ली सरकार के स्वाइन फ्लू नोडल अधिकारी डॉ. चरण सिंह ने बताया कि 9 मार्च को स्वाइन फ्लू से राजधानी में एक 24 वर्षीय महिला की मौत हो गई है। महिला गर्भवती थी और प्रसव के लिए शालीमार बाग स्थित फोर्टिस अस्पताल गई थी।
ऐसे हुआ था उसे स्वाइन फ्लू
उस दौरान महिला को सर्दी-जुकाम था, लिहाजा चिकित्सकों ने स्वाइन फ्लू की जांच की जिसमें बीमारी की पुष्टि हो गई। बीमारी की पुष्टि के बाद सर्जरी के बाद बच्चे का जन्म कराया गया। नवजात को बचा लिया गया लेकिन महिला की हालत लगातार खराब होने से परिजन 23 फरवरी को इलाज के लिए रोहिणी स्थित अंबेडकर अस्पताल ले गए।
अस्पताल में करीब 15 दिनों तक भर्ती रहने के बाद 9 मार्च को महिला की मौत हो गई। महिला का शुगर लेवल भी काफी बढ़ा था, जिसे नियंत्रित नहीं किया जा सका। महिला पश्चिमी दिल्ली इलाके की रहने वाली थीं।
नोडल अधिकारी के मुताबिक बुधवार को दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से 63 संभावित मरीजों ने अपने नमूनों की जांच कराई जिसमें 15 मरीजों में बीमारी की पुष्टि हुई है। इस वर्ष अब तक स्वाइन फ्लू मरीजों की संख्या 4084 पहुंच चुकी है।