दिल्लीः सेमी हाईस्पीड ट्रेन से आगरा गई थी कोरोना पीड़ित महिला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोना से ग्रस्त महिला बंगलूरू से दिल्ली आई थी। यहां से वह देश की पहली सेमी हाईस्पीड ट्रेन गतिमान से आगरा गई थी। इसकी जानकारी के बाद रेलवे ने एहतियात बरतते हुए जिस कोच में महिला ने यात्रा की थी, उसे गतिमान ट्रेन से हटा दिया है।
सूत्रों के मुताबिक, महिला जिस कोच में थी, उसमें कुल 77 यात्री सवार थे। ट्रेन में रेलवे के 15 स्टाफ भी थे। रेलवे ने एहतियात बरतते हुए यात्रियों के दर्ज पते संबंधित जिला प्रशासनों को सौंप दिए हैं, ताकि उन पर निगरानी रखी जा सके। यात्रियों के मोबाइल नंबर भी जिला प्रशासन को दिए गए हैं, ताकि उन्हें क्वारंटाइन में रखा जा सके।
रेलवे ने अपने कर्मचारियों को भी जांच के दायरे में रखा है। 14 दिन तक यात्रियों और रेलवे स्टाफ की निगरानी होगी। गतिमान ट्रेन पिछले दिनों निजामुद्दीन से आगरा रवाना हुई थी। इसी ट्रेन में महिला यात्रा कर रही थी। स्वास्थ्य कर्मियों का घेरा तोड़कर महिला बंगलूरू से दिल्ली पहुंची और फिर ट्रेन से आगरा गई थी।
रेलवे सूत्रों ने बताया कि उस कोच को पूरी तरीके से सैनिटाइज किया जा रहा है। यह कोच अब कुछ दिन के बाद ही आम यात्रियों के लिए सेमी हाईस्पीड ट्रेन में लगाया जाएगा।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि कोरोना ग्रस्त महिला की वजह से ही एहतियात के तौर पर कोच को हटाया गया है। इस कोच में यात्रा करने वाले सभी यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों पर ध्यान देने का निर्देश दिया गया है।
ट्रेनों में नहीं मिलेगा कंबल, सैनिटाइज होंगी बोगियां
कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। वातानुकूलित कोच में अब यात्रियों को कंबल नहीं मिलेगा। उत्तर रेलवे ने रविवार को नोटिफिकेशन जारी कर सभी रेल मंडल को कोरोना वायरस से बचाव के लिए तत्काल यह कदम उठाने का निर्देश दिया है।
रेलवे ने कोरोना वायरस से बचाव के लिए यह निर्णय लिया है कि यात्रियों को मिलने वाला कंबल बेड रोल के साथ नहीं दिया जाएगा। ट्रेनों में कोच अटेंडेंट अब राजधानी समेत तमाम प्रीमियम ट्रेनों में यात्रियों को कंबल नहीं देंगे। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि रविवार को नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया। इसके साथ ही एसी कोच का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रखा जाएगा, ताकि यात्रियों को ठंड न लगे।
रविवार से दिल्ली के स्टेशनों से संचालित होने वाली सभी ट्रेनों में बेड रोल के साथ कंबल का वितरण बंद कर दिया गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, कोरोना वायरस से बचाव के लिए कोच में लगे पर्दा को भी हटाया जाएगा। कोच के भीतर सभी मेटल वाले वस्तुओं को सैनिटाइज किया जाएगा। हैंडल को साफ किया जा रहा है। सभी श्रेणी की बोगियों के शौचालय में लिक्विड हैंडवाश रखा जाएगा, ताकि यात्रा के दौरान यात्री बार-बार हाथ साफ कर सकें।