जब ATM से बोला 'भूत'- कौन है, तो भागे लुटेरे
अल्फा कॉमर्शियल बेल्ट स्थित एक निजी बैंक के एटीएम को सोमवार तड़के लूटने का प्रयास किया गया। लुटेरे मशीन का अगला लॉक तोड़कर बॉक्स तक पहुंचने में तो कामयाब हो गए लेकिन इसके बाद जो हुआ उसे ‘भूत’ समझकर डर गए।
बदमाश तोड़े गए बॉक्स को एमटीएम मशीन पर सलीके से लगाकर भाग गए। दरअसल, अल्फा कॉमर्शियल बेल्ट के टावर में निजी बैंक का एटीएम है। इस पर इन दिनों गार्ड तैनात नहीं है।
सोमवार तड़के 3:15 बजे दो बदमाश एटीएम बूथ लूटने के इरादे से आए। एक बाहर रहा जबकि दूसरा अंदर आया और सीसीटीवी कैमरे को तोड़कर उसमें कागज लगा दिया।
जानिए कहां से आया 'भूत'?
इसके बाद बैग से कुछ उपकरण निकालकर मशीन के बाहरी बॉक्स का लॉक तोड़ दिया। इससे पहले कि वह कुछ और हरकत करता तभी एटीएम बूथ में आवाज आई ‘कौन है... क्या कर रहा है... भाग यहां से।’
इतना सुनते ही लुटेरे के पैर कांप गए। उसने तुरंत तोड़े गए बॉक्स को मशीन से लगाया और साथी के साथ भाग निकला। वह लगभग 5 मिनट तक बूथ में रहा। पूरी घटना दूसरे कैमरे में कैद हो गई।
रिमोट सीसीटीवी सर्विलांस ने बचाया-
सीसीटीवी कैमरे, अलार्म और स्पीकर को नेटवर्क या टेलीफोन लाइन के जरिये सेंट्रल कंट्रोल सिस्टम से जोड़ा जाता है। इससे ऑनलाइन लाइव मॉनिटरिंग और वॉयस का टू-वे कम्यूनिकेशन होता है।
आईपी कैमरे इंटरनेट से जुड़कर मोबाइल पर भी लाइव चलते हैं। इस एटीएम की सिक्योरिटी भी इसी तकनीक पर सीधे मुंबई से ऑनलाइन मॉनिटर होती है।
जैसे ही लुटेरे ने मशीन का बॉक्स तोड़ा मुंबई में उसे देख रहे ऑपरेटर ने स्पीकर पर लुटेरों को धमकाया तो वह घबराकर साथी संग भाग गया।