{"_id":"69375562e460ad07b40715a5","slug":"weather-in-delhi-ncr-will-be-fluctuating-this-week-and-the-cold-will-intensify-2025-12-09","type":"story","status":"publish","title_hn":"Weather: दिल्ली-NCR में इस हफ्ते मौसम में उतार-चढ़ाव, ठंड बढ़ेगी; 11-12 दिसंबर को पारा 6°C तक गिरने का अनुमान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Weather: दिल्ली-NCR में इस हफ्ते मौसम में उतार-चढ़ाव, ठंड बढ़ेगी; 11-12 दिसंबर को पारा 6°C तक गिरने का अनुमान
Tue, 09 Dec 2025 04:17 AM IST
विजय पुंडीर
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
Published by: विजय पुंडीर
Updated Tue, 09 Dec 2025 04:17 AM IST
सार
विभाग के अनुसार, दिल्ली में 9 दिसंबर से 14 दिसंबर तक मौसम साफ से लेकर हल्के बादलों वाला रहेगा। सुबह के समय कई दिनों तक कोहरा या धुंध छाई रहने की संभावना है। हवा की गति 5 से 25 किमी प्रति घंटा के बीच रहेगी।
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
दिल्ली के साथ ही एनसीआर के इलाकों में इस हफ्ते मौसम में उतार चढ़ाव देखा जा सकता है। पहले तेज हवाएं चलने का अनुमान है। बाद में ठंड में इजाफा देखा जा सकता है। इसके बाद पहाड़ों पर एक नया पश्चिमी विक्षोभ 13 दिसंबर को दस्तक देगा। इसका प्रभाव दिल्ली के इलाकों पर कोई खासा तो नहीं पड़ेगा, लेकिन तापमान में बढ़ोतरी देखी जाएगी। हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ के आने से पहले दो दिन तापमान में गिरावट से ठंड बढ़ने का भी अनुमान है।
विज्ञापन
सोमवार को सुबह से ही मौसम में ठंडक बनी हुई थी। इसी बीच अधिकतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.1 डिग्री कम रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो मौसम के औसत से 0.9 डिग्री अधिक रहा। दिल्ली में अधिकतम आर्द्रता 98 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 48 प्रतिशत रही। वहीं, लोधी रोड सबसे ठंडा इलाका रहा। यहां न्यूनतम पारा 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा, आया नगर में 10.5, पालम में 8.6 और रिज में 9.5 न्यूनतम पारा दर्ज किया गया।
विज्ञापन
विभाग के अनुसार, दिल्ली में 9 दिसंबर से 14 दिसंबर तक मौसम साफ से लेकर हल्के बादलों वाला रहेगा। सुबह के समय कई दिनों तक कोहरा या धुंध छाई रहने की संभावना है। हवा की गति 5 से 25 किमी प्रति घंटा के बीच रहेगी। 9 दिसंबर को हल्के बादलों के साथ दिन में हवा की रफ्तार सबसे अधिक रहेगी, जबकि 10 और 11 दिसंबर को आसमान साफ रहेगा और सुबह हल्का कोहरा देखने को मिलेगा। 12 से 14 दिसंबर के बीच फिर हल्के बादल लौटेंगे और सुबह का कोहरा जारी रहेगा। न्यूनतम तापमान इस दौरान लगातार गिरावट पर रहेगा और 11 व 12 दिसंबर को 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
विज्ञापन