आखिर दिखी राहत की राह: 24 घंटे में यमुना का जलस्तर एक मीटर तक घटा, पर अब भी खतरे के निशाने से ऊपर बह रही
यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण दिल्ली के मोनेस्ट्री मार्केट, यमुना बाजार, वासुदेव घाट और आसपास के रिहायशी इलाके जलमग्न हो गए थे। वासुदेव घाट के आसपास के इलाकों में बाढ़ का पानी निकालने के लिए मशीनें लगाई गईं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यमुना नदी में जलस्तर के घटने से राहत की उम्मीद दिखाई दे रही है। यमुना नदी के जलस्तर में शनिवार को लगातार गिरावट दर्ज की गई। बीते 24 घंटे में यमुना का जलस्तर एक मीटर तक घट गया। हालांकि यमुना अभी भी खतरे के निशान 205.33 मीटर से ऊपर बह रही है। यमुना का जलस्तर पुराना लोहा पुल पर अधिकतम 207.48 मीटर पहुंच गया था। इसके चलते कई इलाकों में बाढ़ वाले हालात देखने को मिले।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार शाम चार बजे यमुना का जलस्तर 206.19 मीटर दर्ज किया गया। जबकि दोपहर दो बजे जलस्तर 206.30 मीटर और दोपहर 12 बजे 206.36 मीटर था। जबकि शुक्रवार शाम को दोपहर तीन बजे यमुना का जलस्तर 207.19 मीटर दर्ज किया गया था। अब यमुना नदी में हथिनीकुंड बैराज से पानी भी कम मात्रा में छोड़ा जा रहा है।
शनिवार दोपहर 12 बजे हथिनीकुंड बैराज से 49927 क्यूसेक, दोपहर दो बजे 45974 क्यूसेक और शाम चार बजे 48413 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। यमुना में जलस्तर बढ़ने की एक वजह दिल्ली में लगातार बरसात का होना भी रहा था। यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण दिल्ली के मोनेस्ट्री मार्केट, यमुना बाजार, वासुदेव घाट और आसपास के रिहायशी इलाके जलमग्न हो गए थे। वासुदेव घाट के आसपास के इलाकों में बाढ़ का पानी निकालने के लिए मशीनें लगाई गईं।
निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को एहतियात के तौर पर मयूर विहार फेज-1 के पास बनाए गए राहत शिविरों में स्थानांतरित कर दिया गया। दिल्ली सरकार यमुना नदी में आई बाढ़ के हालात पर नजर रखे हुए है। राहत शिविरों में रहने वाले लोगों की हर संभव मदद की जा रही है। अस्थायी तौर पर क्लीनिक बनाकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच की जा रही है। पानी की निकासी के लिए जगह-जगह पंप लगाए गए हैं।