सम-विषम के लिए सड़कों पर घूमकर चालान करेंगे पूर्व सैनिक
सम विषम फॉर्मूले का उल्लंघन करने वालों को इस बार सरकार बख्शने के मूड में नहीं है। दिल्ली सरकार इनफोर्समेंट कर्मियों के रूप में पूर्व सैनिकों से इस बार मोबाइल टीम की तरह काम लेगी।
यानी वह एक जगह खड़े होने के बजाए राजधानी की सड़कों पर घूमेंगे। जहां भी नियम को तोड़ने वाले चालक दिखेंगे, वहीं उनका चालान किया जाएगा। इसके लिए कुल 120 टीमों को सरकार वाहन उपलब्ध कराने के साथ एक स्मार्ट फोन भी देगी। परिवहन मंत्री गोपाल राय ने शुक्रवार को पूर्व सैनिकों का दिल्ली सचिवालय पर परेड कराने के बाद यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इस बार हम पिछली बार की तुलना में दस टीमें अधिक उतार रहे हैं। सभी टीम के पास गाड़ी होगी। यह दिल्ली के बॉर्डर इलाके में तैनात होंगे। इनके पास स्मार्टफोन भी होगा।
गाड़ी भगाने की कोशिश की तो खैर नहीं
अगर कोई बॉर्डर से सम नंबर वाले दिन विषम नंबर की गाड़ी लेकर आता है और भागने की कोशिश करता है तो यह टीम उसे चेस करेगी। उस पर कार्रवाई होगी। टीम का शनिवार को प्रशिक्षण भी शुरू हो जाएगा।
परिवहन मंत्री ने बताया कि दिल्ली में सम विषम के दौरान पूरी दिल्ली में कुल 119 जगहों पर प्रदूषण स्तर की जांच होगी। इसमें पीएम (पर्टीकूलेट मैटर) 10 और पीएम 2.5 की जांच होगी। इसमें सड़कों के अलावा आवासीय और औद्योगिक इलाके भी शामिल होंगे। इसके लिए लाइव मॉनिटरिंग स्टेशन के साथ मोबाइल टीम भी तैनात की जाएगी। इनके पास आधुनिक यंत्र होंगे। उन्होंने बताया कि सरकार जल्द ही सम विषम को लेकर हेल्प लाइन नंबर भी जारी करेगी।
सम विषम को लेकर पेट्रोल पंप एसोसिएशन की ओर से यह चेतावनी देना की उनके पेट्रोल की बिक्री घट जाती है, इसलिए वह रात में पंप बंद रखेंगे। इसे गोपाल राय ने कोरी बकवास बताते हुए कहा कि यह सरकार को बदनाम करने की कोशिश है। अगर्र इंधन घट रहा है तो इससे वातावरण भी सुधर रहा है। इसके चलते आप पेट्रोल पंप बंद करने की चेतावनी देना महज सरकार को बदनाम करने की कोशिश है। सरकार सही दिशा में काम कर रही है और आगे भी करती रहेगी।