DU : SOL और एनसीवेब में UG, PG दाखिला प्रक्रिया 14 जून से शुरु, लेट फीस के साथ नहीं है दाखिले का प्रावधान
एसओएल में स्नातक व स्नातकोत्तर कोर्सेज के लिए दाखिला 31 अगस्त तक लिया जा सकेगा। लेट फीस के साथ दाखिले का प्रावधान नहीं है। एसओएल ने अपनी दाखिला प्रक्रिया में थोड़ा बदलाव किया है।
विस्तार
दिल्ली विश्वविद्यालय के शैक्षणिक सत्र 2023-24 के लिए एसओएल (स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग) व एनसीवेब (नॉन कॉलेजिएट वुमेंस एजुकेशन बोर्ड) की दाखिला प्रक्रिया 14 जून से शुरु होने जा रही है। एसओएल में स्नातक व स्नातकोत्तर कोर्सेज के लिए दाखिला 31 अगस्त तक लिया जा सकेगा। लेट फीस के साथ दाखिले का प्रावधान नहीं है। एसओएल ने अपनी दाखिला प्रक्रिया में थोड़ा बदलाव किया है। इस बार व्यवस्था की गई है कि यदि किसी छात्र का दाखिला यहां हो जाता है और बाद में उसे नियमित कॉलेज की सीट आवंटित होती है तो उसे फीस का कुछ हिस्सा काट कर फीस वापस कर दी जाएगी।
डीयू में हर साल पहले नियमित कॉलेजों की दाखिला प्रक्रिया शुरु की जाती है। लेकिन इस बार नियमित कॉलेजों की दाखिला प्रक्रिया (केंद्रीयकृत सीट आवंटन सिस्टम) के साथ ही एसओएल की दाखिला प्रक्रिया भी शुरू हो रही है। एसओएल की वेबसाइट से ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा। कैंपस ऑफ ओपन लर्निंग की निदेशक प्रो. पायल मागो ने बताया कि दाखिला प्रक्रिया 14 जून से 31 अगस्त तक चलेगी। इस बार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के साथ छात्रों से आग्रह करेंगे कि वह एसओएल में दाखिला ले लें। बाद में यदि उन्हें नियमित कॉलेज की सीट आवंटित हो जाती है तो उन्हें फीस का कुछ हिस्सा काट कर वापस कर दिया जाएगा। यह व्यवस्था पहली बार की जा रही है।
प्रो. मागो ने बताया कि यह व्यवस्था इसलिए की गई है जिससे कि कोई छात्र दाखिले से वंचित ना रहे। बीते साल जब एसओएल की दाखिला प्रक्रिया समाप्त हो गई थी तब काफी आवेदक दाखिले के लिए गुहार लगा रहे थे, और उन्हें दाखिला नहीं मिला था। उन्होंने नियमित कॉलेज की सीट आवंटन का इंतजार किया। इस कारण से वह हमारे यहां दाखिला नहीं ले पाए थे। छात्र नियमित कॉलेज की दाखिला प्रक्रिया के तहत दाखिला नहीं होने पर ही यहां दाखिले के लिए आते हैं। ऐसे में हम पहले से ही उनसे अपील करेंगे कि वह अपनी सीट एसओएल में भी पक्की कर लें, जब नियमित की सीट आवंटित हो जाएगी तो करीब 1000 रुपये काट कर उनकी फीस को वापस कर दिया जाएगा। एसओएल ने इस बार भी लेट फीस के साथ दाखिले का प्रावधान नहीं रखा है। मालूम हो कि एसओएल में दाखिले बारहवीं के अंकों के आधार पर होते हैं और सीटों की संख्या असीमित होती है। हर साल करीब डेढ़ लाख छात्र यहां दाखिला लेते हैं।
एसओएल में इस बार से बीए साइकोलॉजी ऑनर्स भी शुरू किया जा रहा है। इस कोर्स को शुरू करने के लिए अभी दूरस्थ शिक्षा बोर्ड (डीईबी) से मंजूरी नहीं मिली है। इस कारण से दाखिला प्रक्रिया शुरू होने पर फॉर्म में इस कोर्स के लिए अयोग्य का विकल्प दिखेगा। जब मंजूरी मिल जाएगी तो उसे योग्य कर दिया जाएगा और छात्र इस कोर्स के लिए भी आवेदन कर सकेगा। प्रो. मागो ने बताया कि इस सप्ताह के अंत तक मंजूरी मिलने की उम्मीद है। वहीं इस बार दो कोर्स बी.लिब व एम.लिब भी शुरू किए जा रहे हैं।
एनसीवेब में बीए-बीकॉम की 15, 200 सीटों के लिए भी आवेदन प्रक्रिया 14 जून से शुरु होगी। दाखिला फॉर्म पोर्टल पर उपलब्ध हो जाएगा। यहां दाखिले सीयूईटी से नहीं बल्कि पहले की तरह कट ऑफ से ही होंगे। इसका शेड्यूल जल्द जारी कर दिया जाएगा।