क्यों उबर रेप की शिकार भारतीय युवती ने वापस लिया केस
कैब कंपनी उबर के खिलाफ अमेरिका में मुकदमा दायर करने और फिर उसे वापस लेने वाली भारतीय युवती की वकील ने इस बारे में उठ रहे तमाम सवालों के जवाब में इतना भर कहा ‘मुझे कुछ नहीं कहना है।'
इस बहुचर्चित केस के बंद हो जाने के लेकर तमाम तरह के सवाल उठ रहे थे। क्योंकि न तो युवती और न ही उसकी वकील ने यह बताया कि उन्होंने किन शर्तों अथवा परिस्थितियों में केस वापस ले लिया।
एक ईमेल के जवाब में वकील डगलस विगडोर ने इतना भर कहा कि आप कोर्ट के दस्तावेज देखें।
कंपनी से केस कर हर्जाना मांगा था
दरअसल उबर कैब के ड्राइवर ने पिछले साल जिस युवती के साथ बलात्कार किया था उसने अमेरिका में उबर कंपनी के खिलाफ केस कर हर्जाना मांगा था।
युवती की दलील थी कि अगर कंपनी ने नौकरी देने से पहले चालक की पड़ताल की होती तो यह बात सामने आ जाती कि वह रेप और हिंसा के मामलों में पहले से लिप्त था।
कंपनी की लापरवाही और धोखाधड़ी के चलते उसे शारीरिक और मानसिक नुकसान पहुंचा। बहरहाल अब युवती के आवेदन पर कोर्ट ने इस मामले को खारिज कर दिया है।