एयरपोर्ट पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले दो धरे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गांधी नगर थाना पुलिस ने एयरपोर्ट पर डाटा इंट्री ऑपरेटर की नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों की ठगी करने वाले दो आरोपियों को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान लोकेश और संभव के रूप में हुई है।
पीड़ितों से तीन से पांच लाख रुपये लेने के बाद आरोपी उन्हें चंडीगढ़ में ट्रेनिंग दिलवाते थे और बाद में उन्हें किसी बहाने से निलंबित कर निकाल देते थे। शुरूआती जांच में 25 बेरोजगार युवकों से ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर जांच में जुटी है।
शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त दिनेश कुमार गुप्ता ने बताया कि गांधीनगर इलाके में रहने वाले एक युवक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि एयरपोर्ट पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे तीन लाख रुपये ठग लिए गए।
उसे नियुक्ति पत्र देने के बाद चंडीगढ़ के जीरतपुर में ट्रेनिंग करवायी गई। दस दिन बाद जब युवक ने आरोपियों से एयरपोर्ट घुमाने की बात कही तो आरोपियों ने झगड़ा कर उसे निलंबित कर दिया। थाना प्रभारी अनिल मलिक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि पीड़ित के पास से बरामद नियुक्ति पत्र फर्जी है। उसके बाद पुलिस ने चंडीगढ़ के जीरतपुर के ट्रेनिंग सेंटर पर छापा मारकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कर लिया।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि नौकरी की तलाश करने वाले बेरोजगार युवकों को मेल भेजकर वे नौकरी का झांसा देते थे। उन्हें जाल में फंसाने के बाद उनसे तीन से पांच लाख रुपये ले लेते थे। आरोपी युवकों को ट्रेनिंग के दौरान कुछ सैलरी के तौर पर देते भी थे।
बाद में किसी बहाने से उन्हें निकाल देते थे। पुलिस की कार्रवाई के दौरान चंडीगढ़ स्थित सेंटर में 15 युवक ट्रेनिंग ले रहे थे। पिछले सात आठ माह से आरोपियों ने करीब 25 युवकों से ठगी को अंजाम दे चुके हैं।
63.40 लाख की विदेशी मुद्रा के साथ यात्री धरा
दिल्ली एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ जवानों ने 63.40 लाख की विदेशी मुद्रा लेकर बैंकॉक जा रहेे एक यात्री को पकड़ा। पूछताछ करने के बाद उसे कस्टम विभाग के हवाले कर दिया गया।
सीआईएसएफ प्रवक्ता हेमेंद्र सिंह ने बताया कि एयरपोर्ट पर तैनात सीआईएसएफ की सर्विलांस टीम ने शुक्रवार दोपहर टर्मिनल-3 पर एक व्यक्ति को संदिग्ध हालात में घूमते देखा। शक होने पर उसे हिरासत में लेकर उसके बैग की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान बैग से 72,500 यूरो और 5,650 पाउंड मिले। उसकी पहचान राहुल के रूप में हुई। वह बैंकॉक जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचा था। विदेशी मुद्रा के बाबत पूछताछ करने पर उसने संतोषजनक जवाब नहीं दिया, इसलिए उसे कस्टम विभाग के हवाले कर दिया गया।