लुटेरे ब्रदर्स गिरफ्तार: गुरुग्राम से विकेंड पर आकर दो शेफ करते थे लूटपाट, दिल्ली पुलिस ने दोनों को धरा
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद आरोपी भाई राजेंद्र उर्फ राजू सुनार और अंकित सुनार को गिरफ्तार किया गया। आरोपी मूल रूप से जोन लुंबिनी, नेपाल के रहने वाले हैं और गुरुग्राम, हरियाणा के होटल में शेफ का काम करते हैं।
विस्तार
दक्षिणी पश्चिम जिला पुलिस की एंटी स्नेचिंग सेल ने गुरुग्राम के होटल के दो शेफ को गिरफ्तार किया है। दोनों सगे भाई हैं और जल्दी पैसा कमाने के चक्कर में सप्ताह के आखिर में दिल्ली आकर लूटपाट करते थे। वारदात को अंजाम देने के बाद गुरुग्राम अपनी नौकरी पर लौट जाते थे।
आरोपी राजेंद्र उर्फ राजू सुनार और अंकित सुनार के पास से एक बाइक व लूट का एक मोबाइल बरामद किया गया है। आरोपियों को घटना स्थल से 10 किलोमीटर के दायरे में 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पकड़ा गया है।
दक्षिण-पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने बताया कि पीडि़त नरेश चौधरी ने नौ जून को वसंत कुंज (साऊथ) पुलिस स्टेशन में लूट की शिकायत दी। उन्होंने बताया कि वह आठ जून की रात अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो लोगों ने उसके साथ मारपीट की और फोर्टिस अस्पताल के पास उनका मोबाइल फोन और पर्स लूट लिया। उसी रात किशनगढ़ थाने में मग्लोरिया देवी ने भी मामला दर्ज करवाया था। दोनों मामले की जांच एंटी स्नेचिंग सेल को सौंपी गई।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद आरोपी भाई राजेंद्र उर्फ राजू सुनार और अंकित सुनार को गिरफ्तार किया गया। आरोपी मूल रूप से जोन लुंबिनी, नेपाल के रहने वाले हैं और गुरुग्राम, हरियाणा के होटल में शेफ का काम करते हैं। जल्दी पैसा कमाने के लिए उन्होंने बिना किसी नंबर प्लेट वाली बाइक से रात में मोबाइल फोन लूटना शुरू कर दिया।