'दिल्ली में ट्रांसफर-पोस्टिंग से कमाई रुक गई तो दर्द हो रहा है'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बृहस्पतिवार को आईएएस अधिकारियों की लॉबी पर सीधा हमला किया। सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली में ट्रांसफर-पोस्टिंग की इंडस्ट्री चलती थी। आम आदमी पार्टी ने पिछले तीन महीने में उसे बंद किया है।
ट्रांसफर-पोस्टिंग से लाखों-करोड़ों का कारोबार करने वालों की कमाई रुक गई है, तो उन्हें दर्द हो रहा है। हमारी सरकार ने मेरिट के हिसाब से ट्रांसफर-पोस्टिंग की है। सिसोदिया ने कहा कि किसी आईएएस अधिकारी या विभाग प्रमुख की भावना को ठेस तभी पहुंचेगी, जब कोई मंत्री परेशान करेगा।
मैंने बैठक में अधिकारियों से पूछा भी, लेकिन किसी ने शिकायत नहीं की। ईमानदारी ही किसी अधिकारी का असली सम्मान है। सरकार की ओर से जितनी भी ट्रांसफर-पोस्टिंग की गई हैं वह संविधान के तहत की गई हैं।
इससे पहले बुधवार को आईएएस एसोसिएशन की तरह से बैठक के बाद एक प्रस्ताव पारित करके मुख्यमंत्री, उपराज्यपाल, गृहमंत्री को भेजा गया। बैठक में कई पूर्व आईएएस अधिकारी भी शामिल थे।
'कश्मीर में पाक अपना झंडा लहरा रहा है'
फिर दिल्ली सचिवालय में रायशुमारी के लिए रखी गई बैठक में भी कुछ आईएएस अधिकारियों ने राजनीतिक लड़ाई में अधिकारी को हथियार बनाने और अनिंदो मजूमदार के कमरे में ताला लगाने जैसी घटनाओं पर विरोध दर्ज कराया गया था।
सिसोदिया का आईएएस लॉबी पर लगाया गया आरोप अपरोक्ष रूप से एलजी पर हमला माना जा रहा है। सिसोदिया ने कहा, सरकार का हर अधिकारी अपने मंत्री व मुख्यमंत्री के साथ पूरी ऊर्जा से काम में लगा है। मनोबल, अधिकारियों का नहीं, बल्कि पद का गलत इस्तेमाल करने वालों का गिरा है।
जिन अधिकारियों के चलते पिछली सरकारों में ट्रांसफर-पोस्टिंग इंडस्ट्री चलती थी, वे अब रिटायर होकर आईएएस का मनोबल बढ़ाने की बात कह रहे हैं। बुधवार को सिसोदिया ने ट्वीट कर केंद्र सरकार पर भी हमला किया था।
उन्होंने लिखा था, कश्मीर में पाक अपना झंडा लहरा रहा है और केंद्र सरकार एलजी के जरिये दिल्ली में बाबुओं की ट्रांसफर-पोस्टिंग का अधिकार हड़पने में व्यस्त है। उल्लेखनीय है कि उपराज्यपाल और दिल्ली कैबिनेट के बीच कार्यवाहक मुख्य सचिव की नियुक्ति पर टकराव राष्ट्रपति दरबार में पहुंचने के बावजूद थमा नहीं है।