दिल्ली में प्रदूषण पर वार: एक दिन में ट्रैफिक पुलिस ने काटे 22 सौ वाहनों के चालान, 6757 गाड़ियों को रोका गया
राष्ट्रीय राजधानी में गैर-जरूरी सामग्री ले जाने वाले पुराने डीजल, पेट्रोल वाहनों और ट्रकों को चलाने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत 20 हजार रुपये का चालान होता है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राजोकरी, कापसहेड़ा, बदरपुर, कालिंदी कुंज, टिकरी, औचंदी, भोपुरा, अप्सरा, चिल्ला और सिंघू समेत दिल्ली की 20 प्रमुख सीमाएं हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस दिल्ली में प्रदूषण फैलाने वालों वाहनों के खिलाफ जोर-शोर से कार्रवाई कर रही है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने अक्तूबर महीने में प्रदूषण फैलाने वाले 18 हजार से ज्यादा वाहनों के चालान किए हैं। इसके अलावा दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में बढ़ते प्रदूषण और वायु गुणवत्ता के बिगड़ते स्तर को देखते हुए रविवार को 2200 से अधिक वाहनों के चालान किए हैं।
राष्ट्रीय राजधानी में गैर-जरूरी सामग्री ले जाने वाले पुराने डीजल, पेट्रोल वाहनों और ट्रकों को चलाने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत 20 हजार रुपये का चालान होता है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राजोकरी, कापसहेड़ा, बदरपुर, कालिंदी कुंज, टिकरी, औचंदी, भोपुरा, अप्सरा, चिल्ला और सिंघू समेत दिल्ली की 20 प्रमुख सीमाएं हैं। राष्ट्रीय राजधानी में हमारी 20 प्रमुख सीमाएं हैं, जहाँ हमने अपने कर्मचारियों को तैनात किया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि ग्रैप-4 के तहत गैर- निर्धारित वाहनों को दिल्ली बॉर्डर से वापस भेजा जा रहा है। सिर्फ आवश्यक वस्तुओं को ले जाने वाले वाहनों को अनुमति दी जा रही है।
एक अन्य ट्रैफिक पुलिस अधिकारी ने बताया कि दिल्ली में 13 प्रदूषण हॉटस्पॉट हैं। इन जगहों पर ट्रैफिक पुलिस को तैनात किया गया है। अतिक्रमण और अनधिकृत पार्किंग के खिलाफ एमसीडी के साथ संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। हमने यह सुनिश्चित करने के लिए यातायात भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पीक आवर्स के दौरान अपने कर्मचारियों को तैनात किया है, ताकि यातायात की आवाजाही प्रभावित नहीं होगी।
6757 वाहनों को रोका गया
दिल्ली पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त सुरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने रविवार को राष्ट्रीय राजधानी में 6757 वाहनों को रोका। इनमें से 2216 वाहनों का चालान किया। 1024 वाहनों के पास प्रदूषण नियंत्रण (पीयूसी) प्रमाण पत्र नहीं था। 217 चालान बीएस-तीन के तहत और 975 चालान बीएस-चार के तहत चालान किए गए। ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (जीआरएपी) के चरण-चार के तहत वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के नवीनतम आदेश के अनुसार, आवश्यक सेवाओं में शामिल नहीं होने वाले सभी मध्यम और भारी माल वाहनों पर भी राजधानी में प्रतिबंध लगा दिया गया है।
अक्तूबर महीने में चालान
बिना पीयूसीसी वाले-17989
बिना ढके रेत/धूल ले जाने वाले ट्रकों के चालान- 58
पुराने डीजल/पेट्रोल वाहनों (15/10 वर्ष से अधिक) के चालान- 31
फील्ड कर्मियों को दी मास्क पहनने की सलाह
राजधानी में गंभीर वायु प्रदूषण संकट के बीच दिल्ली पुलिस ने फील्ड ड्यूटी पर तैनात अपने कर्मियों को मास्क पहनने की सलाह दी है। दिल्ली-एनसीआर में सोमवार सुबह प्रदूषण का स्तर सरकार द्वारा निर्धारित सुरक्षित सीमा से लगभग सात से आठ गुना अधिक दर्ज किया गया, क्योंकि इस क्षेत्र में लगातार सातवें दिन जहरीली धुंध बनी रही। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जो कर्मी यातायात या शहर की कानून-व्यवस्था का प्रबंधन कर रहे हैं, उन्हें मास्क पहनने का सुझाव दिया गया है। यातायात पुलिस यूनिट ने पिछले कुछ दिनों में अपने कर्मियों को लगभग दो हजार एन-95 मास्क वितरित किए हैं।