आज राष्ट्रपति दरबार में अपनी पैरवी करेंगे केजरीवाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के दरबार में आज अपनी सरकार की पैरवी करेंगे। राष्ट्रपति ने उन्हें शाम 6 बजे मुलाकात का समय दिया है।
इसके बाद केजरीवाल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को हालात से अवगत कराने और उपराज्यपाल के हस्तक्षेप की शिकायत वाली चिट्ठी लिखेंगे। नजीब जंग और मुख्यमंत्री के बीच पांच दिन से चला आ रहा टकराव सोमवार को भी जारी रहा।
जंग ने उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को पत्र लिखकर प्रधान सेवा सचिव अनिंदो मजूमदार को वापस चार्ज देने और मुख्यमंत्री के सचिव राजेंद्र कुमार की उस पद पर नियुक्ति को रद्द करने के आदेश से अवगत कराया।
इधर उपमुख्यमंत्री ने चंद घंटे में उपराज्यपाल को पत्र लिखकर जवाब दिया कि आपका फैसला संविधान और नियमों के विरुद्ध है, इसे नहीं माना जा सकता।
विवाद पर रखेंगे सरकार का पक्ष
इस मामले में सिसोदिया ने उपराज्यपाल निवास से चिट्ठी लीक करके संविधान के विरुद्ध काम करने का आरोप भी लगाया है। उनका कहना है कि उपमुख्यमंत्री को संबोधित पत्र मुझे मिलने के पहले मीडिया को मिला, भारत का संविधान क्या इसकी छूट देता है?
मुझे पत्र 2:35 बजे मिला। इससे पूर्व मंगलवार सुबह जब प्रधान सचिव (सेवा व सामान्य प्रशासन) अनिंदो दफ्तर पहुंचे तो ऑफिस में ताला लटका मिला। वह कुछ समय तक अपने स्टाफ के साथ बैठे। इस मामले को आईएएस अधिकारी भी बड़े टकराव से जोड़कर देख रहे हैं।
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, आईएएस अधिकारी की ट्रांसफर पोस्टिंग बेशक गृह मंत्रालय करता है, लेकिन किस अधिकारी को क्या काम दिया जाना है, यह मुख्यमंत्री या कैबिनेट का अधिकार है। यही वजह है कि प्रधान सेवा व जीएडी सचिव को हटाकर उनकी जगह राजेन्द्र कुमार की नियुक्ति का आदेश बरकरार है।