{"_id":"8ae884aa531be583c63ec584e638a9ad","slug":"today-anna-arrives-in-delhi-kejriwal-may-meet-hindi-news-jn","type":"story","status":"publish","title_hn":"दिल्ली आकर केजरीवाल से मिल सकते हैं अन्ना","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दिल्ली आकर केजरीवाल से मिल सकते हैं अन्ना
ब्यूरो/अमर उजाला, नई दिल्ली
Updated Sun, 22 Feb 2015 08:30 AM IST
विज्ञापन
भूमि अधिग्रहण कानून पर लाए गए केंद्र सरकार के अध्यादेश के खिलाफ हुंकार भरने के लिए समाजसेवी अन्ना हजारे रविवार को दिल्ली पहुंच रहे हैं। वह महाराष्ट्र सदन में रुकेंगे और वहीं पर अपने सहयोगियों और अन्य लोगों से मुलाकात करेंगे। संभावना है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी उनसे मुलाकात करेंगे। इस दौरान वह उनके आंदोलन में सक्रिय तौर पर शामिल होने की इच्छा जाहिर करेंगे।
विज्ञापन
अन्ना हजारे के सहयोगी रहे अरविंद केजरीवाल के लिए रविवार का दिन काफी महत्वपूर्ण है, क्योंकि मुख्यमंत्री के तौर पर पहली बार वह अपने गुरु से मिलेंगे। पहली बार मुख्यमंत्री रहते हुए केजरीवाल अन्ना से नहीं मिल सके थे। हालांकि अन्ना हजारे ने उनको अपने आंदोलन में शामिल होने की इजाजत दे दी है, मगर मंच पर बैठाने से मना कर दिया है।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री के नजदीकी लोगों के मुताबिक, अरविंद केजरीवाल का रविवार को ही उनसे महाराष्ट्र सदन में मुलाकात करने का समय है। इस दौरान वह खुद को मंच पर बैठाने के लिए अन्ना को मनाने की कोशिश करेंगे। दरअसल अन्ना शुरू से ही अपने मंच पर राजनीति से जुड़े लोगों को चढ़ने नहीं देते।
विज्ञापन
गौरतलब है कि अन्ना केंद्र सरकार के भूमि अधिग्रहण अध्यादेश के खिलाफ जंतर-मंतर पर 23 और 24 फरवरी को आंदोलन करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया है कि केंद्र सरकार ने किसानों की जमीन उद्योगपतियों को देने का षडयंत्र रचा है।