{"_id":"b3ee87f7814b7f56c123aef5fd9db607","slug":"to-know-the-problems-3-aap-ministers-conduct-mohalla-sabhas","type":"story","status":"publish","title_hn":"3 मंत्रियों ने की मोहल्ला सभा कर समस्याएं सुनीं","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
3 मंत्रियों ने की मोहल्ला सभा कर समस्याएं सुनीं
अमर उजाला, दिल्ली
Updated Mon, 06 Jan 2014 04:08 PM IST
विज्ञापन
दिल्ली सरकार के मंत्री अपने रंग में आने लगे हैं। सभी मंत्रियों ने इलाके की समस्याओं को जानने और जनता से रूबरू होने के लिए मोहल्ला सभाएं करनी शुरू कर दी।
विज्ञापन
शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया, पर्यटन मंत्री सोमनाथ भारती एवं श्रम मंत्री गिरीश सोनी ने रविवार को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में दौरा किया और मोहल्ला सभाएं कर लोगों की समस्याएं सुनी।
विज्ञापन
मनीष सिसोदिया ने पटपड़गंज में लोगों की समस्याएं सुनी। लोगों ने बताया कि उनके इलाके में बिजली कटौती होती है और पेयजल आपूर्ति भी नियमित तौर पर नहीं आती है। लोगों ने टूटी सड़कों और गलियों की ओर भी उनका ध्यान आकर्षित किया।
विज्ञापन
मादीपुर क्षेत्र से विधायक गिरीश सोनी ने मोहल्ला सभा का आयोजन करने के अलावा कई कालोनियों में दौरा भी किया। लोगों ने बताया कि पार्कों की स्थिति बहुत ही दयनीय है और उनमें आवारा पशुओं का जमावड़ा रहता है। इसी तरह उन्होंने स्कूलों की दुर्दशा की ओर भी मंत्री को अवगत कराया।
सोमनाथ भारती ने मालवीय नगर, हौज रानी गांव आदि स्थानों पर मोहल्ला सभा का आयोजन किया। लोगों ने बताया कि वह गर्मी में बिजली-पानी संकट से दो-चार होते हैं, जबकि बारिश के मौसम में जलभराव का सामना करना पड़ता है। सर्दी में भी उन्हें बिजली किल्लत से रूबरू होना पड़ता है।
इस दौरान तीनों मंत्रियों के साथ अधिकारी भी थे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वह 15 दिन के अंदर समस्याएं दूर करने के लिए ब्लू प्रिंट तैयार करें और एक माह के अंदर उसे अमलीजामा पहनाने की कार्रवाई करें। आम आदमी पार्टी पहले ही घोषणा कर चुकी है कि मुहल्ला सभाओं के जरिए ही सभी क्षेत्रों के कामकाज किए जाएंगे।