दिल्ली: कोरोना वायरस ने भारत में दी दस्तक, तीन संदिग्ध मरीज आरएमएल अस्पताल में भर्ती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोना वायरस की आशंका के मद्देनजर राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल में तीन मरीजों को भर्ती किया गया है। इन मरीजों में अगर वायरस की पुष्टि होती है तो पड़ोसियों के घरों में भी विशेष टीमें जांच करेंगी। अस्पताल में भर्ती तीन में से एक मरीज गाजियाबाद निवासी है जबकि बाकी दो दिल्ली के ही निवासी हैं। ये तीनों हाल ही में चीन से लौटकर आए हैं और इनकी तबियत खराब है। डॉक्टरों के अनुसार शुक्रवार तक तीनों मरीजों की रिपोर्ट पुणे स्थित राष्ट्रीय प्रयोगशाला से आ जाएगी।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से आरएमएल अस्पताल को नोडल केंद्र बनाया गया है। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) और सफदरजंग अस्पताल में भी आइसोलेशन वार्ड बनाए गए हैं। दोनों ही अस्पतालों में फिलहाल एक भी मरीज नहीं पहुंचा है।
आरएमएल अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मीनाक्षी भारद्वाज ने बताया कि सोमवार को तीनों मरीज उपचार के लिए उनके यहां आए थे। तीनों मरीजों में गंभीर लक्षणों के चलते उन्हें आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। इनकी जांच के लिए ब्लड सैंपल पुणे स्थित प्रयोगशाला में भेज दिए हैं। जब तक रिपोर्ट नहीं आती है तब तक इन्हें आइसोलेशन वार्ड में ही रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि इन तीन में से एक छात्र है जबकि दो व्यापार के सिलसिले में चीन गए थे। ये तीनों चीन के शंघाई, गोनजाओ और बीजिंग की यात्रा पर थे।
वहीं एक वरिष्ठ डॉक्टर ने बताया कि अगर इनमें से किसी में भी वायरस की पुष्टि होती है तो इनके घर और पड़ोस में भी पूरी जांच की जाएगी। चीन से वापस आए इन्हें कुछ समय हो चुका है, इसलिए एहतियातन इनके घरों के आसपास जांच बहुत जरूरी है।
चीन में कोरोना वायरस से 106 लोगों की मौत
चीन में कोरोना वायरस के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 106 हो गई है। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि विषाणु संक्रमण के 1,300 नए मामले सामने आए हैं। इस संक्रमण के केंद्र मध्य हुबेई प्रांत के स्वास्थ्य आयोग ने कहा कि विषाणु संक्रमण के कारण और 24 लोगों की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि और 1,291 लोग इस संक्रमण से ग्रसित पाए गए हैं जिसके साथ ही देश भर में कोरोना वायरस संक्रमण के पुष्ट मामलों की संख्या 4,000 से अधिक हो गई है।