फर्जी पहचान पत्र बनाकर करता था कपड़े चोरी
नोएडा में सिक्योरिटी कंपनी का फर्जी पहचान पत्र बनाकर कंपनियों से कपड़ा चोरी करने वाले चोर को फेज-2 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसके पास से चार लोगों के फर्जी वोटर पहचान पत्र और एक दर्जन फोटो बरामद हुए हैं। गिरोह के एक सदस्य को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। तीसरा साथी फरार है।
पुलिस ने बदमाश को शुक्रवार रात याकूबपुर से गिरफ्तार किया। इसकी पहचान अनुराग निवासी सुल्तानपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह बीएससी पास है।
वह विभिन्न वोटर पहचान पत्र पर फर्जी तरीके से फोटो लगाकर सिक्योरिटी एजेंसी में गार्ड की नौकरी करता था। साथ ही जिस कंपनी में इसे लगाया जाता था वहां दो से तीन दिन में रेकी कर सामान लेकर फरार हो जाता था।
इसके बाद अपना फोन और पहचान पत्र गायब कर देता था। इसका एक साथी 4 दिसंबर को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, इसका एक साथी अजय फरार है।
पुलिस ने आरोपी के पास से अनुराग सिंह, राहुल, ओम प्रकाश और संदीप के वोटर कार्ड बरामद किए हैं। इन सभी पर अनुराग की फोटो लगी है। इसके अलावा पुलिस ने इससे सेक्टर-63 स्थित कंपनी से चोरी किया हुआ कपड़ा भी बरामद किया गया है।