शरीर से पार हुए सरिये पर घंटो झूलता रहा युवक, ऐसे बची जान
शनिवार तड़के करीब तीन बजे एक युवक चौथी मंजिल से दूसरी मंजिल पर गिर गया। हादसे में सरिया उसके छाती के बगल से होते हुए पीठ के बाहर निकल गया। युवक करीब साढ़े चार घंटे सरिये पर लटका रहा।
बाद में पुलिस और कैट्स की टीम ने युवक को एम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सर्जरी कर सरिया को निकाला। युवक इस समय आईसीयू में भर्ती है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
एम्स ट्रॉमा सेंटर के प्रवक्ता और सर्जरी करने वाली टीम के प्रमुख डॉ. अमित गुप्ता ने बताया कि युवक को करीब नौ बजे वहां लाया गया। चिकित्सीय जांच-पड़ताल के बाद तुरंत सर्जरी कर सरिया निकालने का निर्णय लिया गया।
साढ़े चार घंटे तक सरिये के सहारे झूलता रहा युवक
डॉ. गुप्ता ने बताया कि सरिया शरीर के अंदर घुसने की वजह से स्कैपुला (कंधे की मुख्य हड्डी) टूट गई थी। लेकिन इसमें एक अच्छी बात यह हुई कि युवक का कोई भी महत्वपूर्ण अंग, नस और ऑट्रिज को कोई नुकसान नहीं हुआ था।
डॉ. गुप्ता ने बताया कि सर्जरी टीम में डॉ. बबिता, डॉ. ज्ञानेंद्र और डॉ. मधुर शामिल थे। डॉ. अमित ने बताया कि दिल्ली के तैमुर नगर में युवक मनेंद्र एक मकान की चौथी मंजिल से दूसरी मंजिल पर गिर गया। जिस वक्त हादसा हुआ समय सुबह के करीब तीन बजे थे।
घटना की जानकारी सुबह 7:38 बजे गार्ड के आने पर हुई। इसके बाद पुलिस और कैट्स एंबुलेंस को कॉल की गई। इसके बाद सरिया काटा गया और युवक को सुबह करीब नौ बजे एम्स ट्रॉमा सेंटर लाया गया।