महिला ने 20 हजार की खरीददारी कर 60 हजार की अंगूठी चुराई
सेक्टर-39 थाने के अंतर्गत जीआईपी मॉल के एक शो रूम में हीरे की अंगूठी चुराती महिला सीसीटीवी में कैद हो गई। शो रूम की ओर से थाने में चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सेक्टर-39 थाना प्रभारी जहीर खान के मुताबिक इंदिरापुरम गाजियाबाद निवासी एक महिला बीते 18 जुलाई को जीआईपी मॉल के एक ज्वेलरी शो रूम में खरीदारी करने आई थी।
उसने करीब 20-25 हजार रुपये की ज्वेलरी खरीदी और जाते समय करीब 60 हजार रुपये की हीरे की अंगूठी भी अपने पर्स में डाल ली। पूरा वाकया सीसीटीवी में कैद हो गया।
..और पर्स में डाल ली हीरे की अंगूठी
हीरे की अंगूठी चोरी होने की जानकारी तब हुई जब शाम को ज्वेलरी का मिलान किया गया। इसके बाद सीसीटीवी देखी गई। पुलिस की जांच में शो रूम प्रबंधन की ओर से बताया गया कि यह महिला उनकी पुरानी कस्टमर है और हमेशा आती जाती रहती है।
लिहाजा उन्होंने महिला को फोन कर उससे अंगूठी लौटाने के बाबत बातचीत की। लेकिन महिला ने अंगूठी ले जाने से साफ मना कर दिया। जबकि सीसीटीवी में दिख रहा है कि यह महिला अंगूठी पर्स में रख रही है।
काफी बातचीत के बाद भी जब महिला यह मानने को तैयार नहीं हुई कि उसने अंगूठी चुराई है तो शो रूम प्रबंधन की ओर से उक्त महिला के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया गया है।
सेक्टर-39 पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और अगर अपराध साबित होता है तो उक्त महिला की गिरफ्तारी भी होगी।