निरंकारी बाबा के दामाद की भी मौत, दिल्ली आएगा बाबा का पार्थिव शरीर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
निरंकारी बाबा हरदेव सिंह महाराज का पार्थिव शरीर सोमवार सुबह कनाडा से दिल्ली लाया जाएगा। अंतिम दर्शन के लिए उनके पार्थिव शरीर को बुराड़ी रोड स्थित ग्राउंड नंबर-आठ में सोमवार दोपहर से मंगलवार रात तक रखा जाएगा।
अंतिम संस्कार बुधवार को निगम बोध घाट पर किया जाएगा। निरंकारी बाबा के अंतिम दर्शन व अंतिम यात्रा में लाखों लोगों के जुटने की उम्मीद है, जिसे लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई है। निरंकारी संत मंडल के अनुसार निरंकारी बाबा हरदेव सिंह महाराज की अंतिम यात्रा बुधवार सुबह आठ बजे बुराड़ी रोड स्थित ग्राउंड नंबर-आठ से शुरू होगी और निगम बोध घाट पर संपन्न होगी।
दोपहर 12 बजे निगम बोध घाट स्थित सीएनजी शवदाह गृह में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। मंडल के मुताबिक बुधवार को ही बाबा को श्रद्धांजलि देने का कार्यक्रम होगा। बुराड़ी रोड स्थित ग्राउंड नंबर-दो निरंकारी सरोवर के सामने दोपहर बाद तीन बजे से शाम सात बजे तक श्रद्धांजलि दी जाएगी।
निरंकारी कालोनी में माहौल गमगीन
बाबा हरदेव सिंह महाराज के साथ सड़क दुर्घटना में घायल उनके दामाद अनवीत की भी मौत हो गई। राजधानी स्थित निरंकारी कालोनी में शनिवार को भी गमगीन माहौल रहा।संत निरंकारी मंडल के अनुसार कनाडा में कार हादसे में घायल निरंकारी बाबा हरदेव सिंह महाराज के दामाद अवनीत का उपचार के दौरान निधन हो गया।
बाबा का हादसे के समय ही निधन हो गया था। कार में निरंकारी बाबा के साथ उनके दामाद संदीप खिंडा व अवनीत सेतिया और उनके अनुयायी विवेक शर्मा थे। हादसे में विवेक शर्मा और संदीप खिंडा को मामूली चोट लगी है।
वह खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। बाबा अपने पीछे पत्नी व तीन बेटियां छोड़ गए हैं। उनकी दो बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि बीच वाली बेटी ने शादी नहीं की है। उधर, निरंकारी कालोनी में शुक्रवार की तरह शनिवार को भी अनुयायियों के आने जाने का सिलसिला जारी रहा। वह बेहद ही दुखी थे और उनकी आंखों में आंसू रुक नहीं रहे थे।