केंद्रीय मंत्री के आदर्श गांव में खुलेगा केंद्रीय विद्यालय
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सांसद आदर्श ग्राम ऊंचा माजरा में नया केंद्रीय विद्यालय खुलेगा। इस विद्यालय का निर्माण 10 एकड़ भू-क्षेत्र में होगा। इसका खाका तैयार किया जा रहा है।
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने बताया कि सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत वर्ष 2017-19 के अंतर्गत गांव ऊंचा माजरा को गोद लिया गया है। विद्यालय के साथ-साथ गांव में विकास की अन्य योजनाओं का भी ब्लूपि्रंट तैयार किया जा रहा है।
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने बताया कि ऊंचा माजरा गांव में केंद्रीय विद्यालय की मंजूरी मिल गई है। उन्होंने बताया कि स्कूल के निर्माण अवधि तक अस्थाई रूप से संचालन के लिए भी स्थान के चयन का निर्देश अधिकारियों को दिया गया है।
वहीं गांव ऊंचा माजरा में सामुदायिक केंद्र बनाने को भी करीब 22 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। गांव में भारत सरकार द्वारा आदर्श डाकघर निर्माण के लिए एक एकड़ भूमि का भी चयन किया जा चुका है।
राव ने बताया कि इस बारे में उनकी केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद से बातचीत चल रही है। इस डाकघर में दक्षिण हरियाणा का मेल प्रोसेसिंग सेंटर खोला जाएगा जिसमें युवाओं को रोजगार के अवसर भी मिल सकेंगे।
आदर्श ग्राम योजना के तहत वर्ष 2019 तक तीन गांवों को गोद लेकर विकास करना है। गोद लिए तीन गांवों में से पहले गांव को वर्ष 2014 से 2016 तक विकसित करने का लक्ष्य है।
वहीं दो अन्य गांवों को 2017 से 2019 तक विकसित करना है। राव इंद्रजीत सिंह ने बताया कि पटौदी खंड के गांव ऊंचा माजरा व फर्रूखनगर के खुर्मपुर-खेड़ा गांव को इस योजना के अंतर्गत 2019 तक विकसित कर लिया जाएगा।
इन दोनों गांवों में विकास की योजनाओं को तैयार करने का निर्देश गुड़गांव के जिला उपायुक्त को दिया गया है। राव ने बताया कि सांसद आदर्श ग्राम ऊंचा माजरा की योजनाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। वहीं खुर्मपुर-खेड़ा गांव की योजना बनाने पर काम शुरू कर दिया गया है।